Saturday, October 24th, 2026

जमुई में मुंडन कराने जा रहे श्रद्धालुओं की कार पेड़ से टकराई, दो जुड़वां बच्चों समेत तीन की मौत

 जमुई
 बिहार के जमुई जिले के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक स्विफ्ट कार के सड़क के किनारे एक पेड़ में टकरा जाने से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। इस दुर्घटना में पांच लोग घायल भी बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरा के चरपोखरी के रहने वाले आनंद कुमार अपने परिवार के साथ कार से अपने बच्चों का मुंडन कराने देवघर जा रहे थे। रास्ते में चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर बसबुटिया गांव के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे एक पेड़ से जा टकराई।

बताया जाता है कि इस घटना में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार-पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों में दो जुड़वा बच्चे शामिल हैं, जिनकी उम्र पांच साल बताई जा रही है।

इधर, घटना की जानकारी के बाद चंद्रमंडीह थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफरल अस्पताल चकाई से देवघर रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।

 

#accident

Source : Agency

पाठको की राय