Wednesday, October 21st, 2026

सेंचुरियन का किला फतह करने के बाद होटल स्टाफ के साथ जमकर नाचे कप्तान विराट कोहली

नई दिल्ली
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ऑन द फील्ड हो या ऑफ द फील्ड डांस करने का जब भी मौका मिलता है, तो उसे छोड़ते नहीं हैं। सेंचुरियन में टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद विराट टीम होटल के स्टाफ के साथ डांस करते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विराट इस वीडियो में अपने हाथ में कुछ सामान उठाए हुए हैं, लेकिन उनके डांस मूव्स फैन्स काफी पसंद कर रहे हैं। सेंचुरियन टेस्ट में भारत ने निर्णायक दिन मेजबान दक्षिण अफ्रीकी टीम को 113 रनों से पटखनी दी। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। एक दिन का पूरा खेल बारिश की भेंट चढ़ा था, लेकिन बावजूद इसके टीम इंडिया ने चार से कम दिन के समय में मैच अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया की ओर से केएल राहुल ने सेंचुरी लगाई, जबकि मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर ने जबर्दस्त गेंदबाजी की। केएल राहुल को मैन ऑफ द मैच चुने गए। दूसरा टेस्ट मैच 3 जनवरी से जोहांसबर्ग में खेला जाना है। सेंचुरियन में टीम इंडिया ने पहली बार जीत दर्ज की है। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बाद सेंचुरियन पर दक्षिण अफ्रीका को टेस्ट मैच में मात देने वाली टीम इंडिया दुनिया की तीसरी टीम है।

 

 

#Captain Virat Kohli

Source : Agency

पाठको की राय