Friday, October 23rd, 2026

कैप्टन रोहित शर्मा पहुंचे इंग्लैंड, WTC Final के लिए शुरू की प्रैक्टिस

नई दिल्ली
भारतीय टीम के ज्यादातर खिलाड़ी आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के लिए इंग्लैंड पहुंच चुके हैं। कप्तान रोहित शर्मा ने भी अपने पैर इंग्लैंड की सरजमीं पर रखे हैं। रोहित ने इस टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए प्रैक्टिस शुरू कर दी है। रोहित का वीडियो आईसीसी ने खुद अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जिसमें वह नई ट्रेनिंग किट में प्रैक्टिस करते हुए नजर आ रहे हैं।

रोहित शर्मा टीम के बाकी साथी खिलाड़ियों के साथ अरुणडेल कासल क्रिकेट क्लब में प्रैक्टिस करते नजर आए। रोहित शर्मा ने हाल ही में मुंबई इंडियंस के साथ आईपीएल 2023 में क्वॉलिफायर 2 तक का सफर तय किया था। हालांकि, उनको गुजरात टाइटन्स ने करारी शिकस्त दी थी। उस मैच में रोहित शर्मा का बल्ला नहीं चला था और टीम अच्छी शुरुआत हासिल नहीं कर पाई थी।

बात अगर टेस्ट क्रिकेट की करें तो रोहित शर्मा के लिए ये वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 का फाइनल अहम है। वे पहली बार अपनी कप्तानी में इस टूर्नामेंट के फाइनल में खेलते नजर आएंगे। 2021 में भी टीम इंडिया ने डब्ल्यूटीसी का फाइनल खेला था, लेकिन उस मैच में न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा। उस मैच में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली थे, वे अब बल्लेबाज हैं।

 

 

#WTC Final

Source : Agency

पाठको की राय