Thursday, October 22nd, 2026

यह नहीं कह सकता कि रोहित शर्मा और केएल राहुल को बैठाकर मुझे मौका दो: इशान किशन

नई दिल्ली
टीम इंडिया को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज के पहले मैच में सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इशान किशन ने इस मैच में ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पारी का आगाज किया था और 48 गेंद पर 76 रन ठोके थे। भारत ने उनकी पारी के दम पर 20 ओवर में चार विकेट पर 211 रन बनाए, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने 19.1 ही ओवर में 212 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। इस मैच के बाद टीम इंडिया में अपनी जगह को लेकर इशान किशन ने कहा कि वह यह नहीं कह सकते कि रोहित शर्मा और केएल राहुल को हटाकर उन्हें मौका दिया जाए।

इशान ने मैच के बाद कहा, 'मेरा मानना है कि वे (राहुल और रोहित) वर्ल्ड लेवल के खिलाड़ी हैं और उनके होते हुए मैं टीम में जगह नहीं मांगूंगा। यहां मेरा काम है कि मैं प्रैक्टिस सेशन में अपना बेस्ट प्रदर्शन दूं। जब भी मौका मिले अपने आप को साबित करूं, टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन दूं। मेरा ध्यान उस ओर ज्यादा रहता है।' उन्होंने कहा, 'उन्होंने (राहुल और रोहित) टीम के लिए इतना कुछ किया है। उन्होंने टीम के लिए इतने रन बनाए हैं, मैं यह नहीं कह सकता कि उन्हें बैठाकर मुझे मौका दिया जाए। मैं अपना काम करता रहूंगा। यह सिलेक्टर्स या कोचों पर निर्भर करता है कि वे क्या सोचते हैं, लेकिन मेरा काम है कि जब भी मुझे मौका मिले, मैं अपना बेस्ट दूं।'

आपको बता दें कि रोहित शर्मा को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में आराम दिया गया है, जबकि केएल राहुल ग्रोइन में चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। राहुल को इस सीरीज के लिए कप्तान चुना गया था और उनके बाहर होने पर यह जिम्मेदारी ऋषभ पंत को सौंपी गई है।

 

 

#Ishan Kishan

Source : Agency

पाठको की राय