पंचायत चुनाव में प्रत्याशी को चुकाने होंगे 35 रुपए
भोपाल
मध्य प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनाव में अब उम्मीदवार बनने के लिए 35 रुपये चुकाने होंगे। दरअसल नई व्यवस्था के तहत जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य पद को आॅनलाइन ही नामांकन दाखिल करना होगा। राज्य लोक सेवा अधिकरण ने आॅनलाइन नॉमिनेशन फाइल करने के लिए अपने रेट तय कर दिये हैं। प्रत्याशी लोक सेवा केंद्र एमपी आॅनलाइन किओस्क से नॉमिनेशन फॉर्म के लिए 35 रुपए देकर नॉमिनेशन भर सकेंगे। नामांकन पत्र भरने के बाद उसका प्रिंट आउट लेने पर हर कॉपी पर 5 रुपए अतिरिक्त देना होगा। सरपंच और पंचों को आॅनलाइन नामांकन नहीं बल्कि निर्वाचन कार्यालय में जाकर ही फॉर्म भरना रहेगा। लेकिन जिला पंचायत के लिए आॅनलाइन नामांकन होगा।
गौरतलब है कि लंबे समय से पंचायत चुनाव अटके हुए हैं, पंचायत चुनाव के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष पद का आरक्षण होना बाकी है। आरक्षण प्रक्रिया पूरी होते ही राज्य निर्वाचन आयोग पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान कर देगा। आगामी समय में होने वाले पंचायत चुनाव तीन चरण में होंगे। जिला और जनपद में ईवीएम से वोटिंग होगी और ग्राम स्तर पर मतपत्र डाले जाएंगे। हाई कोर्ट भी राज्य सरकार को पंचायत चुनाव जल्द कराने के निर्देश दे चुका है। ऐसे में अब निर्वाचन आयोग कभी भी पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है।

पाठको की राय