Tuesday, October 20th, 2026

उपचुनाव: असंतुष्टों को साधने BJP के दिग्गजों ने संभाला मैदान

भोपाल
 प्रदेश में चार उपचुनाव के लिए भाजपा द्वारा किए गए टिकट बंटवारे के बाद अब पार्टी में बढ़े असंतोष ने संगठन की चिंता बढ़ा दी है। इन हालातों को देखते हुए पार्टी के दिग्गज नेताओं के 15 अक्टूबर से होने वाले दौरे अब और पहले से शुरू किए जाने की तैयारी है। उधर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा जहां इन हालातों के मद्देनजर बुरहानपुर के दौरे पर हैं वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की चुनावी सभाओं की सर्वाधिक डिमांड है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा खंडवा में भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में एकजुटता बढ़ाने और असंतोष रोकने के लिए आज बुरहानपुर पहुंच गए हैं जहां प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन उन्होंने किया। वे दो दिन यहां रहकर बैठकें लेंगे। इस दौरान पूर्व सांसद नंदकुमार सिंह चौहान अमर रहें, के नारे लगे।  हालांकि नंदकुमार के बेटे हर्षवर्धन सिंह चौहान इस मौके पर मौजूद नहीं रहे। इस बीच पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और खंडवा लोकसभा चुनाव की जिम्मेदारी संभाल रहे आलोक शर्मा ने कहा कि वे खुद आज हर्षवर्धन से मिलने गए थे। उन्हें 102 डिग्री बुखार है। तबियत में सुधार होते ही वे चुनाव प्रचार के लिए कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच जाएंगे।

जोबट विधानसभा उपचुनाव में पार्टी ने सुलोचना रावत को प्रत्याशी बनाया है। कैडिंडेट घोषित होने के बाद सुलोचना एक तरफ और भाजपा के अस्सी फीसदी कार्यकर्ता एक तरफ हो चुके हैं। स्थानीय नेताओं ने इसकी जानकारी प्रदेश संगठन को दी है और इसे रोकने के लिए संगठन के सीनियर नेताओं के साथ मुख्यमंत्री के दौरे बढ़ाने और जल्द सभाओं के जरिये समझाईश देने के लिए कहा है।

जोबट में मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, महेंद्र सिंह सिसोदिया, गोविंद सिंह राजपूज, ओमप्रकाश सकलेचा, सांसद गजेंद्र सिंह, विधायक रमेश मेंदोला, देवीलाल धाकड़ समेत अन्य पदाधिकारी डटे हुए हैं और असंतोष की बयान थामने की कोशिश में जुटे हैं। यहां दो दिन पहले राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी पहुंचे थे। उधर रैगांव में प्रतिमा बागरी को पूर्व मंत्री जुगुल बागरी के बेटे पुष्पराज का समर्थन मिलने के बाद भी पार्टी के अंतर्विरोध से जूझना पड़ रहा है। यहां सांसद गणेश सिंह से असंतुष्ट खेमा खुलकर प्रतिमा के विरोध में है।

इधर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव का शनिवार को बुरहानपुर की सभा में संकेतों में अपना दर्द बयां करने के बाद यह माना जा रहा है कि उनकी टीम पूरी ताकत के साथ काम करेगी या नहीं। इस सीट पर उनकी टीम को सक्रिय करने की जिम्मेदारी कमलनाथ पर आ गई है। कमलनाथ इसके चलते ही यहां के नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी उस दिन मुलाकात करेंगे।

खंडवा लोकसभा सीट से ज्ञानेश्वर पाटिल को प्रत्याशी बनाने के बाद हर्षवर्धन सिंह चौहान उनके नामांकन में नहीं पहुंचे। इसके साथ ही पिछले दो दिनों से नंदकुमार सिंह चौहान के समर्थकों ने भी किनारा कर लिया है। इसके बाद संगठन ने हर्षवर्धन को चुनाव प्रचार के लिए बाहर निकलने के लिए कहा है। इसके बाद वायरल वीडियो और ट्वीट में हर्षवर्धन ने कहा है कि उनके पिता का राजनीतिक भविष्य पार्टी ने तय किया था। उनका भी भविष्य पार्टी तय करेगी। पार्टी उनकी मां है और जो मां कहेगी वह सभी को करना है। सभी को प्रचार के लिए जुटना है। दूसरी ओर पृथ्वीपुर में भी सीएम के दौरे की डिमांड की जा रही है। कैंडिडेट को समर्थन मिलना शुरू हुआ है पर संगठन नेताओं का कहना है कि अभी वरिष्ठ नेताओं के दौरों और समझाईश के बाद ही स्थिति में सुधार हो सकेगा।

 

#By-elections

Source : Agency

पाठको की राय