Wednesday, October 21st, 2026

पंजाब में 4 विधानसभा सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव, 4 सांसदों के पारिवारिक सदस्य मैदान में

लुधियाना
पंजाब में 4 विधानसभा सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए चुनाव आयोग द्वारा शैड्यूल जारी के कुछ दिनों के भीतर ही उम्मीदवारों को लेकर तस्वीर लगभग साफ हो गई है। इससे जुड़ा हुआ अहम पहलू यह है कि पंजाब के 4 सांसदों के पारिवारिक सदस्य विधानसभा उपचुनाव लड़ेंगे। इनमें कांग्रेस द्वारा गिद्दड़बाहा से राजा वड़िंग की पत्नी अमृता व डेरा बाबा नानक से सुखजिंदर रंधावा की पत्नी जितेंद्र कौर को टिकट दी गई है, जबकि आम आदमी पार्टी द्वारा चब्बेवाल से राज कुमार के बेटे ईशांत को उम्मीदवार बनाया गया है। ये तीनों ही सांसद पहले इन सीटों से विधायक थे और उनके द्वारा लोकसभा चुनाव लड़ने की वजह से खाली हुई सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। इसके अलावा भाजपा द्वारा गिद्दड़बाहा से जो मनप्रीत बादल को टिकट दी गई है, वह बठिंडा से सांसद हरसिमरत बादल के जेठ हैं। इसी तरह बरनाला से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के भी संगरूर से सांसद मीत हेयर के करीबी रिश्तेदार होने की चर्चा सुनने को मिल रही है।

वहीं अगर अकाली दल की बात करें तो विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा के मामले में अकाली दल बाकी पार्टियों से पिछड़ गया है। इसमें मुख्य रूप से सुखबीर बादल के गिद्दड़बाहा से चुनाव लड़ने को लेकर सस्पैंस बना हुआ है।
इस संबंध में तस्वीर अकाल तख्त के फैसले के बाद साफ होगी, क्योंकि मनप्रीत बादल को भाजपा से टिकट मिलने के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि सुखबीर बादल गिद्दड़बाहा से उपचुनाव लड़ने से परहेज ही करेंगे।

 

 

#Family members

Source : Agency

पाठको की राय