Friday, October 23rd, 2026

बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा ने तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को गिफ्ट में दी थी चमचमाती थार SUV

नई दिल्ली
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्ही की सरजमीं पर टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को ऑटोमोबाइल कंपनी के मालिक और बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा ने थार-एसयूवी गाड़ी गिफ्ट करके अपना वादा पूरा किया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीतने के बाद छह खिलाड़ियों को गिफ्ट करने का वादा किया था और अब वे एक-एक करके वादा पूरा कर रहे हैं। इसकी जानकारी खुद मोहम्मद सिराज ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए दी है। मोहम्मद सिराज ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि, 'मेरे पास इस समय शब्द नहीं हैं। मैं इस खूबसूरत महिंद्रा थार को पाकर बहुत खुश हूं। इस समय, मैं आनंद महिंद्रा सर को बड़ा सा थैक्स कहना चाहूंगा। दुर्भाग्यवश, मैं अभी वहां मौजूद नहीं हूं, इसलिए मेरी जगह मेरी मां और मेरे बड़े भाई इस बेहतरीन गिफ्ट को रिसीव कर रहे हैं।'

मोहम्मद सिराज से पहले तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर और टी नटराजन को भी यह गिफ्ट मिल चुका है। दोनों ने इसके लिए बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा की जमकर तारीफ की थी। सबसे पहले यह कार टी नटराजन को मिली थी। उन्होंने लिखा, 'भारत के लिए क्रिकेट खेलना मेरी जिंदगी के लिए सबसे बड़ी बात रही। यहां तक पहुंचना मेरे लिए आसान नहीं था। जिस तरह से लोगों का प्यार मुझे मिला है उसने मुझे अभिभूत कर दिया है। बेहतरीन लोगों का समर्थन और हौसलाअफजाई मेरे लिए रास्ते तलाशने में मददगार साबित होता है।' नटराजन के बाद शार्दुल ठाकुर ने भी अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, 'नई महिंद्रा थार आ चुकी है। महिंद्रा कंपनी ने इसे जबरदस्त तरीके से बनाया है। मैं इस एसयूवी को ड्राइव करके काफी खुश हूं। इस जेस्चर को हमारे देश के युवा काफी पसंद करेंगे। एक बार फिर से श्री आनंद महिंद्रा जी और प्रकाश वाकंकर जी का शुक्रिया करना चाहूंगा, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया टूर पर हमारे योगदान को सराहा।'

इन क्रिकेटर्स पर भी मेहरबान रहे आनंद महिंद्रा
आनंद महिंद्रा ने सिर्फ तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर और टी नटराजन को ही नहीं, बल्कि मोहम्मद सिराज, शुभमन गिल, वॉशिंगटन सुंदर, और नवदीप सैनी को भी महिंद्रा थार गिफ्ट में देने का वादा किया था।  

 

 

#Businessman Anand

Source : Agency

पाठको की राय