Friday, October 23rd, 2026

बाढ़ के पानी में डूबे पुल से गुजर रही बस बही, तीन की मौत

यवतमाल
महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में मंगलवार सुबह राज्य परिवहन की एक बस के बाढ़ के पानी में डूबे पुल को पार करते समय बह जाने से तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ हिस्सों में दिन में बहुत तेज बारिश हुई, जिससे कई जगहों पर बाढ़ आ गई। घटना उमरखेड़ तहसील के दहागांव पुल पर सुबह करीब आठ बजे हुई। घटना के वक्त महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की सेमी लग्जरी बस नागपुर से नांदेड़ जा रही थी। एक अधिकारी ने बताया कि बस बाढ़ के पानी में डूबे पुल से गुजरते समय बह गई और फिर पलट गई। इलाके में भारी बारिश के बाद वहां पानी भर गया था। उमरखेड़ के तहसीलदार आनंद देओलगांवकर ने बताया कि बस में चालक और कंडक्टर के अलावा चार यात्री सवार थे। देर रात जारी विज्ञप्ति में जिला प्रशासन ने बताया कि मुसाफिर शरद फुलमाली (27) और सब्रमण्यम तोकला (48) को बचा लिया गया। हैदराबाद निवासी शेख सलीम उर्फ बाबू शेख इब्राहिम (50), जिले में पुसद निवासी इंदल महिंद्रे (35) और नागपुर निवासी व कंडक्टर भीमराव नागरिकर की मौत हो गई और उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। बताया गया है कि बस चालक सुरेश सूरेवर अब भी लापता है और बचाव अभियान सुबह शुरू किया जाएगा।
 

 

#Bus

Source : Agency

पाठको की राय