Tuesday, October 20th, 2026

मजदूरों को लेकर जा रही बस अनियंत्रित होकर पलटी ,40 मजदूर घायल

जबलपुर
सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी के तिलवारा मानेगांव स्थित फार्म हाउस में मजदूरों को लेकर जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुई इस घटना में 40 मजदूर घायल हो गए हैं। बस पलटते ही घटनास्थल पर मजदूर बचाव के लिए चीख-पुकार करने लगे। आसपास के ग्रामीणों और राह चलते लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की और पुलिस तथा 108 एंबुलेंस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पुलिस वाहन और एंबुलेंस की सहायता से चरगवां के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हाथ पैर में फ्रैक्चर होने के कारण कुछ मजदूरों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर किया गया है। बस में सवार ज्यादातर मजदूर सुनवारा गांव के थे।

तेज गति के कारण हुआ हादसा: पुलिस ने बताया कि बस MP 20 DA 0210 में 40 मजदूरों को लेकर चालक मानेगांव क्षेत्र स्थित एक फार्म हाउस के लिए मंगलवार सुबह चरगवां से रवाना हुआ था। तेज रफ्तार बस गंगई गांव में मोड़ पर पहुंची जहां चालक नियंत्रण खो बैठा। चालक के ब्रेक लगाते ही बस सड़क के किनारे पलट गई। जिसके बाद यात्री चीखने चिल्लाने लगे। बस को मुरारी यादव चला रहा था तथा बस का मालिक राजेश वर्मा बताया जा रहा है। चरगवां पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।

 

#40 मजदूर घायल

Source : Agency

पाठको की राय