Thursday, October 22nd, 2026

इस्लाम नगर में लड़की को रोककर जबर्दस्ती उतरवाया बुर्का

भोपाल

भोपाल में शनिवार को एक लड़की का बीच सड़क पर जबरन बुर्का उतरवा दिया। लड़की एक लड़के के साथ एक्टिवा पर जा रही थी। इस्लाम नगर के पास लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। भीड़ ने उन दोनों पर कौम को बदनाम करने के आरोप लगाते हुए घेर लिया। घटना का वीडियो बनाते हुए एक शख्स लड़की से उसके चेहरे का नकाब उतरवाने पर भी अड़ गया। हालांकि इसकी किसी ने शिकायत नहीं की है।

वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। ईंटखेड़ी थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी ने बताया कि यह घटना इस्लाम नगर की है। एक्टिवा सवार एक युवक शनिवार दोपहर करीब 11 से 1 बजे के बीच एक लड़की के साथ इस्लाम नगर इलाके में पहुंचा था। एक्टिवा पर फूलों की माला चढ़ी हुई थी, जबकि उसके साथ एक लड़की बुर्का पहने हुए थी।

इसके बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने वीडियो बनाते हुए लड़की से बुर्का उतारने को कहा। लड़की और लड़का काफी गिड़गिड़ाए, लेकिन लोगों ने उन्हें नहीं छोड़ा। मजबूरी में लड़के के कहने पर लड़की ने बुर्का उतारकर लोगों को दे दिया। वीडियो पुलिस के पास पहुंचा।

एसआई सुनील चतुर्वेदी ने बताया कि लड़का और लड़की ने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की थी। वीडियो के आधार पर शोएब और अब्दुल माजिद नाम के युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

 

#जबर्दस्ती उतरवाया बुर्का

Source : Agency

पाठको की राय