Tuesday, October 20th, 2026

बुरहानपुर : BJP पार्षद के बेटे ने अजमेर शरीफ पर किया विवादित पोस्ट, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

 बुराहनपुर

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में एक भाजपा पार्षद के बेटे द्वारा कथित तौर पर अजमेर शरीफ को लेकर विवादित पोस्ट डालने के बाद विवाद बढ़ गया। इसके विरोध में एक विशेष समुदाय के लोग सोमवार रात शिकारपुरा थाने पर शिकायत करने पहुंच गए। शिकायत करने आए लोगों ने कहा कि आरोपी बुरहानपुर का माहौल बिगड़ने की कोशिश कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने के मामले में केस दर्ज कर लिया है। वहीं, इस तरह का मामल सामने आने के बाद पुलिस ने शहर में सुरक्षा बढ़ा दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह भाजपा पार्षद के बेटे सुमित वारूड़े ने अजमेर शरीफ को लेकर चल रहे विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर कथित विवादित पोस्ट डाली। पोस्ट वायरल होने के बाद एक समुदाय विशेष में रोष व्याप्त हो गया। सोशल मीडिया पोस्ट डालने के बाद सोमवार रात को समुदाय के कुछ लोग शिकायत करने शिकारपुरा थाने पहुंच गए। इस बात की जानकारी मिलने के बाद थाने में समुदाय के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की गई।

शिकायत बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने के मामले में केस दर्ज किया है। सांप्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील बुरहानपुर में इस मामले के बाद पुलिस सुरक्षा बरत रही है। थाने पर मामला पहुंचने के बाद शहर के सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रात में ही मुख्य बाजार और चौराहों पर पुलिस बल तैनात हो गया। मामले की गंभीरता को लेकर पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है ।

बुरहानपुर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने के मामले में पुलिस को शिकायत मिली है। इस मामले में पोस्ट डालने वाले पर सांप्रदायिक भावना भड़काने के मामले में केस दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह से सावधान रहें। पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए रखी है।

 

#BJP councillor

Source : Agency

पाठको की राय