Saturday, October 24th, 2026

बिहार-मुजफ्फरपुर के कोचिंग संस्थान में चली गोली, पढ़ाई कर रही नाबालिग छात्रा घायल

मुजफ्फरपुर.

मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थानाक्षेत्र में एक कोचिंग संस्थान में पढ़ाई के दौरान गोली चलने की घटना सामने आई है। इस घटना में नाबालिग छात्रा खुशबू कुमारी घायल हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर कोचिंग संस्थान में अफरातफरी मच गई और इलाके में सनसनी फैल गई। घटना को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, घटना के समय कोचिंग में अंग्रेजी विषय की कक्षा चल रही थी। कोचिंग संस्थान के संचालक और शिक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि अंग्रेजी की पढ़ाई के दौरान अचानक पटाखे जैसी आवाज आई। इससे पूरे कक्षा में घबराहट फैल गई। जब जांच की गई तो पता चला कि एक छात्रा खुशबू कुमारी को गोली लग गई है। उसके बाद तत्काल उसे इलाज के लिए शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। सकरा थाना के SHO राजू कुमार पाल ने बताया कि कोचिंग संस्थान में गोली चलने की सूचना मिली है। एक छात्रा घायल हुई है और उसकी स्थिति की जांच की जा रही है। मामले की जांच चल रही है और संस्थान के संचालक और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह आशंका जताई जा रही है कि कोई छात्र अपने बैग में हथियार ले आया और उसी से गोली चली। हम सभी पहलुओं पर जांच कर रहे हैं और घायल छात्रा के बयान भी लिए जा रहे हैं। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच के लिए व्यापक तलाशी शुरू कर दी है। कोचिंग संस्थान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कोचिंग संस्थान के पास पुलिस की तैनाती की गई है, ताकि किसी प्रकार की और अफरातफरी न फैले। अभी तक घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। लेकिन पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले की सच्चाई सामने आएगी।

 

#Bihar-Muzaffarpur#Bullet fired#coaching institute

Source : Agency

पाठको की राय