Wednesday, October 21st, 2026

उत्तर प्रदेश में मरम्मत के बाद काम पर लौटा बुलडोजर, मेरठ में माफिया की अवैध प्रॉपर्टी को ढहाया

मेरठ
उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण से पहले ही एक बार फिर बुलडोजर काम पर लौट आया है। मेरठ के ट्रांसपोर्ट नगर में प्रशासन ने मंगलवार को इनामी बदमाश की अवैध प्रॉपर्टी को ढहा दिया। माफिया ने सरकारी जमीन पर कब्जा करके करोड़ों की प्रॉपर्टी बनाई थी। हाल ही में यूपी में दोबारा बहुमत हासिल करने वाले योगी आदित्यनाथ ने चुनाव प्रचार के दौरान दावे किए थे कि बुलडोजरों को मरम्मत के लिए भेजा गया है और 10 मार्च को एक बार फिर इन्हें काम पर लगा दिया जाएगा। वादे के मुताबिक यूपी में भाजपा की सरकार बनते ही अपराधियों और माफियाओं के अवैध कब्जे और प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चलना शुरू हो गया है। इसी क्रम में टीपी नगर के जगन्नाथपुरी में कुख्यात अपराधी और वांटेड बदन सिंह बद्दो के कब्जे वाली कुछ दुकानों पर पुलिस प्रशासन और एमडीए की टीम ने बुलडोजर चलाया। इस दौरान दुकानों का ध्वस्तीकरण किया गया।

मेरठ के थाना टीपीनगर क्षेत्र के जगन्नाथ पुरी इलाके में बदन सिंह और उसके कुछ साथियों ने सरकारी पार्क पर अवैध कब्जा किया था। पार्क पर कब्जा करके फैक्ट्री बनाई गई थी और कुछ दुकानों का निर्माण किया था। पूर्व में इसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर चुकी थी। इसी मामले में मंगलवार को इसी जमीन पर बनी दुकान और अस्थाई निर्माण को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया गया।  इस दौरान एमडीए और टीपीनगर थाने की पुलिस फोर्स मौजूद रही। जिसके बाद पार्क की करोड़ों की जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया गया। बदन सिंह बद्दो 2019 में मेरठ से ही फरार हो गया था। इसके बाद से उत्तर प्रदेश सरकार बद्दो के साथियों पर शिकंजा कसने में लगी हुई है। बदन सिंह की तलाश भी की जा रही है, लेकिन ढाई लाख का इनामी बदन सिंह बद्दो पुलिस के हाथ नहीं लग सका है।  वहीं, पुलिस बद्दो को आर्थिक मदद पहुंचाने वाले करीबियों की कमर तोड़ने में लगी हुई है। इससे पहले वर्ष 2021 में बदन सिंह बद्दो की पंजाबी पुरा स्थित कोठी पर पुलिस प्रशासन और एमडीए ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया था और ध्वस्तीकरण किया था।

 

 

#Bulldozer

Source : Agency

पाठको की राय