Tuesday, October 20th, 2026

बजट सत्र 2023: मौजूदा संसद भवन में ही होगा राष्ट्रपति का अभिभाषण, नया अभी भी निर्माणाधीन

नई दिल्ली
इस बार के बजट सत्र में भी राष्ट्रपति का अभिभाषण मौजूदा संसद भवन में ही होगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने शुक्रवार शाम ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नया संसद भवन अभी भी निर्माणाधीन है। संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होने की संभावना है और इसके बीच में अवकाश के साथ 6 अप्रैल को समाप्त होने की उम्मीद है।

उन्होंने ट्वीट कर लिखा, "संसद का नया भवन अभी निर्माणाधीन है। बजट सत्र में माननीय राष्ट्रपति जी का अभिभाषण संसद के वर्तमान भवन में होगा।" वर्तमान संसद भवन का उद्घाटन 96 साल पहले 18 जनवरी को तत्कालीन वायसराय लॉर्ड इरविन ने किया था। इसी परिसर में नए संसद भवन का निर्माण किया जा रहा है जो जल्द ही इसकी जगह ले सकता है। सत्र की शुरुआत संसद के सेंट्रल हॉल में लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण से होगी। पिछले साल जुलाई में शीर्ष पद पर पहुंचने के बाद से राष्ट्रपति मुर्मू का संसद के दोनों सदनों में यह पहला संबोधन होगा। सूत्रों ने बताया कि बजट सत्र के पहले दिन दोनों सदनों में आर्थिक सर्वेक्षण भी पेश किया जाएगा।

15 अगस्त 2022 थी डेडलाइन?
नए संसद भवन की नींव दिसंबर 2020 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी। यह नया संसद भवन इसके पास ही बनाया जा रहा है और इसका कार्य शीतकालीन सत्र से पहले काम पूरा होने की उम्मीद थी। पहले इसका निर्माण कार्य पिछले साल 15 अगस्त को भारत के स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ के समय पर पूरा होने की उम्मीद थी। नए भवन में भारत की लोकतांत्रिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए एक भव्य संविधान हॉल, संसद सदस्यों के लिए एक लाउंज, एक पुस्तकालय, भोजन करने की जगह और पर्याप्त पार्किंग स्थान भी होगा।
 

 

#बजट सत्र 2023

Source : Agency

पाठको की राय