BU: डिग्री और डिप्लोमा कोर्स में एडमिशन रहे शून्य
भोपाल
बरकतउल्ला विवि ने अपने दो दर्जन विभागों के पचास कोर्स में प्रवेश देने के प्रथम राउंड पर विराम लगा दिया है। इसमें 23 डिग्री और डिप्लोमा कोर्स में एक भी प्रवेश नहीं हुए हैं। बीयू की कुल एक हजार 785 सीटों पर 498 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिए हैं। अंतिम दिन तक बीयू की तीस फीसदी सीटों पर प्रवेश हुआ है। शेष 70 फीसदी सीटों पर प्रवेश कराने बीयू दूसरी और तीसरे राउंड की काउंसलिंग पर दांव खेलेगा।
कुलपति प्रो. आरजे राव ने सात नए विभाग खोले हैं, इसमें गिनती के विद्यार्थियों ने प्रवेश लिए हैं। बीकॉम आॅनर्स में 11, बीएससी आॅनर्स जूलॉजी में तीन, बीए आॅनर्स सोशलॉजी एक, एमए इतिहास तीन, राजनीति एक, कैमिस्ट्री 14 और मैथामेटिक्स में 12 प्रवेश हुए हैं। बीयू की प्रवेश स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। कुलपति राव तीन साल के कार्यकाल में नियमित तो दूर संविदा फैकल्टी भी नियुक्त नहीं कर सके हैं। जबकि राजधानी के कॉलेजों में पीजी प्रवेश की स्थिति काफी अच्छी बनी हुई है। यही कारण है कि बीयू के पांच डिग्री कोर्स और 18 डिप्लोमा कोर्स में एक भी प्रवेश नहीं हुए हैं। बीयू को सभी कोर्स में प्रवेश लेने के लिए एक हजार 182 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें से 498 प्रवेश हुए हैं।
एमए एक्सटेंशन एजुकेशन एंड सोशल वर्क में दो साल से एक भी आवेदन जमा नहीं हुआ है। एमए लिंग्जेस्टिक की दस सीट, एमए उर्दू बीस, एमएससी लिम्नोलॉजी बीस, एमएससी एप्लाईड जियोलॉजी की बीस सीटों में एक भी प्रवेश नहीं हुआ है। डिप्लोमा में मार्डन अरबिक लेंग्वेज, ईको टूरिज्म, एनिमल रिर्सोस मेनेजमेंट, बायोलॉजी, लिम्नोलॉजी, बायोसेफ्टी एंड बायोसिक्योरिटी, मेडिकल लैब, प्लांट टीशूस कल्चर, वर्मी कम्पोस्ट टेक्नोलॉजी, मशरूम, रुरल डेवलपमेंट, वेब एंड ग्राफिक्स, मोबाइल एप डेवलपमेंट, बिगडाटा, बिजनेस इंटीलेजेंस, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, एनर्जी आडिट मैनेजमेंट और आर्टिफिसियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग की तरफ विद्यार्थियों ने देखा तक नहीं है।
विधि विभाग में एलएलएम की 42 और बीएएलएलबी में 60 सीटें हैं। बीएएलएलबी में 319 आवेदन में से 36 और एलएलएम में 148 में से 22 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। दोनों कोर्स में 467 आवेदन जमा हुए, लेकिन दाखिला 58 विद्यार्थी ही ले सके हैं। अभी भी विभाग में बीएएलएलबी और एलएलएम में 44 सीटें रिक्त बनी हुई हैं।

पाठको की राय