Wednesday, October 21st, 2026

महिला पहलवान का भाई फायरिंग के आरोप में गिरफ्तार

मेरठ
अतरराष्ट्रीय पहलवान अलका तोमर के भाई को अवैध असलहे से फायरिंग करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने अलका तोमर के भाई जगविंदर उर्फ जग्गा के अलावा उसके साथी को भी गिरफ्तार किया है. जगविंदर और उसके साथी पर नौचन्दी थाना इलाके में फायरिंग का आरोप है. पुलिस ने दोनों युवकों को अवैध असलहों सहित गिरफ्तार कर लिया और अब जेल भेजने की तैयारी में जुटी है.

गौरतलब है कि गांधी आश्रम चौराहे पर अवैध असलहे से फायरिंग के बाद हड़कंप मच गया था. फायरिंग के बाद वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने दो युवकों को दबोच लिया था. जिसके बाद नौचन्दी थाना पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में पता चला कि आरोपियों में से एक अंतरराष्ट्रीय पहलवान अलका तोमर का भाई जगविंदर सिंह उर्फ जग्गा है, जबकि दूसरा उसका साथी है.

आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी में पुलिस
पुलिस ने बताया कि जगविंदर ने सिर्फ अपना रौब झाड़ने के लिए सरेराह फायरिंग की थी. एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि जगविंदर पर पहले भी कई मुकदमें दर्ज हैं. फिलहाल दोनों आरोपियों को मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है.

 

#फायरिंग

Source : Agency

पाठको की राय