Monday, October 19th, 2026

ब्रिंकमैन बोले - भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कड़े मुकाबले की उम्मीद

भुवनेश्वर.
कप्तान थिएरी ब्रिंकमैन ने कहा है कि दुनिया की शीर्ष रैंकिंग वाली टीम नीदरलैंड पेरिस ओलंपिक की तैयारी के लिए एफआईएच हॉकी प्रो लीग के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया का सामना करने की चुनौती के लिए तैयार है। नीदरलैंड की पुरुष हॉकी टीम 10 से 16 फरवरी तक कलिंग हॉकी स्टेडियम और 19 से 25 फरवरी तक राउरकेला के बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में होने वाली प्रो लीग में भाग लेने के लिए रविवार को यहां पहुंची।

ब्रिंकमैन ने हॉकी इंडिया की विज्ञप्ति में कहा, ''तैयारियां वास्तव में अच्छी चल रही हैं। हमने ट्रेनिंग सत्रों में बहुत अच्छा काम किया है। हमें भारत आना पसंद है और हम सभी के बीच अच्छी टीम भावना है। हम अपना अभियान शुरू करने को लेकर उत्साहित हैं।'' पांच राष्ट्रीय टीमें – आयरलैंड, नीदरलैंड, भारत, स्पेन और ऑस्ट्रेलिया – प्रो लीग के भारतीय चरण में हिस्सा लेंगी। ये टीमें एक बार भुवनेश्वर में और एक बार राउरकेला में एक-दूसरे का सामना करेंगी।

ब्रिंकमैन ने कहा, ''हम ऑस्ट्रेलिया के बारे में उत्सुक हैं, वे हमारे लिए कड़े प्रतिद्वंद्वी हो सकते हैं। बेशक भारत का उनके घरेलू दर्शकों के सामने सामना करना एक चुनौती होगी, खासकर भुवनेश्वर और राउरकेला जैसे बड़े स्टेडियम में।'' उन्होंने कहा, ''पेरिस ओलंपिक 2024 करीब हैं, मजबूत टीमों के खिलाफ खुद को परखने के लिए यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण दौरा है। हमें अच्छे टूर्नामेंट की उम्मीद है।'' नीदरलैंड अपना पहला मैच 10 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 11 फरवरी को मेजबान भारत से भिड़ेगा। राउरकेला जाने से पहले वे 13 फरवरी को स्पेन और 16 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेंगे।

 

#Captain Thierry Brinkman

Source : Agency

पाठको की राय