Wednesday, October 21st, 2026

ताजमहल के पास 12 पिलर तोड़ते हुए पेड़ से टकराकर पलटी कार, बाल-बाल बचे सवार

आगरा
 यूपी के आगरा में ताजमहल के पास एक तेज रफ्तार कार 12 पिलर तोड़ते हुए पेड़ से टकराकर पलट गई। गनीमत रही कि इतने भीषड़ हादसे के बावजूद कार में सवार युवक और युवती बाल-बाल बच गए। ताजमहल शिल्‍पग्राम पार्किंग के पास यह हादसा हुआ है।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्‍त कार की ड्राइविंग सीट पर बैठा शख्‍स नशे की हालत में था। कार पर कोई नंबर प्‍लेट नहीं मिली है। हादसा सुबह 5 बजे के करीब हुआ है। प्रत्‍यक्षदर्शियों के मुताबिक अचाकन बेकाबू हुई कार सड़क किनारे लगे करीब 12 पिलर तोड़ते हुए पेड़ से जा टकराई। इसके बाद कार पलट गई। हादसे को देख आसपास से लोग दौड़कर वहां पहुंच गए। घटनास्‍थल पर भीड़ इक्‍ट्ठा हो गई। प्रत्‍यक्षदर्शियों का कहना है कि सुबह-सुबह उन्‍हें सफेद रंग की ये कार आते दिखी तो उसकी रफ्तार बेहद तेज थी। कार अचानक बेकाबू हो गई और पिलर से टकराते हुए पेड़ से जा टकराई। लोग मौके पर पहुंचे तो कार में फंसे युवक युवती को बाहर निकाला। दोनों को चोटें आई थीं।

लोगों को वहां शराब की दुर्गंध भी महसूस हुई जिससे उन्होंने अंदाजा लगाया कि दोनों नशे की हालत में थे। कार सवार युवक और युवती ठीक ढंग से बोल भी नहीं पा रहे थे। हादसे की सूचना पर मौके पर पुलिस जब तक वहां पहुंचती युवक-युवती मौके से कहीं चले गए। पुलिस उनके बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रही है।

 

 

Source : Agency

पाठको की राय