Tuesday, October 20th, 2026

रतलाम घाट पर पिकअप के ब्रेक हुए फेल, 60 फीट खाई में गिरी गाडी, तीन की मौत

 रतलाम

 रतलाम में शनिवार को भीषण हादसा हो गया। पिकअप में सवार होकर फसल काटने जा रहे मजदूर हादसे का शिकार हो गए। धोलावाड़ डैम के पास घाट चढ़ते समय पिकअप के ब्रेक फेल हो गए। गाड़ी रिवर्स होकर 60 फीट गहरी खाई में गिर गई। एक्सीडेंट में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। 20 से अधिक घायल हैं। गंभीर घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया है। मामूली घायलों को रावटी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

फसल कटाई करने जा रहे थे मजदूर
जानकारी के मुताबिक, रावटी थाना क्षेत्र के खेड़ी खुर्द गांव के रहने वाले 50 से ज्यादा मजूदर पिकअप में सवार होकर फसल कटाई के लिए रतलाम जा रहे थे। खेड़ीकला और धोलावाड़ डैम के पास घाट चढ़ते समय गाड़ी के ब्रेक फेल हो गए। अचानक गाड़ी रिवर्स होकर खाई में पलट गई। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। लोगों को वाहन से निकाला। पुलिस को भी सूचना दी गई। एंबुलेंस से घायलों को रतलाम मेडिकल अस्पताल और रावटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

हादसे में इनकी हुई मौत
पुलिस के मुताबिक, लीला बाई पति गौतम, नानीबाई पति बिजली मीठा निवासी जुनवानिया और अजय पिता सुखराम खराड़ी निवासी हल्दूपाड़ा की मौत हुई है।  हादसे के बाद आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और सड़क पर तड़प रहे घायलों को बाहर निकाला।

धार में दो ट्रकों में टक्कर के बाद भड़की आग
धार के गणपति घाट पर दो ट्रकों में टक्कर के बाद आग भड़क गई। शनिवार सुबह घाट पर पीछे चल रहे कंटेनर ने आगे चल रहे ट्रक को टक्कर मार दी। भिड़ंत के बाद कंटेनर में आग भड़क गई। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

 

 

#accident

Source : Agency

पाठको की राय