Wednesday, October 21st, 2026

ब्रैड हॉग ने बताया, कप्तानी छीनने से कोहली को कैसे होगा फायदा

नई दिल्ली
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिनर ब्रैड हॉग ने विराट कोहली से भारतीय टीम की वनडे कमान वापस लेने पर प्रतिक्रिया दी है। उनका मानना है ये फैसला भारत के टेस्ट कप्तान और टीम इंडिया के लिए वरदान साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस बदलाव से कोहली को बल्ले से अपना प्रदर्शन सुधारने में मदद मिलेगी। बीसीसीआई ने इस हफ्ते की शुरुआत में रोहित शर्मा को भारतीय टीम का नया कप्तान बनाने का ऐलान किया। विराट कोहली के पास अब सिर्फ टेस्ट की कप्तानी बची है।  ब्रैड हॉग ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा,'मुझे लगता है कि यह एक अच्छा कदम है। कोहली को बस इसे अपनाना चाहिए और पूरी तरह से रिलेक्स होना चाहिए। उन्हें  टेस्ट टीम की कप्तानी पर ध्यान देना चाहिए। अब रोहित शर्मा सफेंद गेंद की कप्तानी पर फोकस करें और विराट कोहली को टेस्ट क्रिकेट पर ध्यान लगाना चाहिए।इससे आपके ऊपर से काफी सारा दबाव भी कम हो गया है।' उन्होंने आगे कहा,'रोहित शर्मा को केवल सफेद गेंद के माहौल और मैदान से बाहर सभी प्रायोजन और अन्य प्रतिबद्धताओं के बारे में चिंता करने की जरूरत है। मुझे लगता है कि यह विराट कोहली के लिए बेहतर होने वाला है। यह उनके प्रदर्शन में सुधार करने वाला है, जो पिछले कुछ वर्षों में थोड़ा कम हुआ। तीनों फॉर्मेट्स में कप्तानी करने की वजह से वो दबाव में रहे हैं।'

गौरतलब है कि  टी-20 वर्ल्ड से पहले ही कोहली ने टी-20 इंटरनेशनल की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया था। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि वनडे और टेस्ट में टीम इंडिया की अगुवाई करते रहेंगे। लेकिन बीसीसीआई ने रोहित को टी-20 की कप्तानी सौंपने के एक महीने बाद उन्हें वनडे टीम की कमान भी सौंप दी। इसके बाद ये खबरें सामने आई थीं कि विराट वनडे की कप्तानी छोड़ने के मूड में नहीं थे।  गुरुवार को बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा सफेद गेंद के दो अलग-अलग फॉर्मेटों के लिए दो कप्तान नहीं हो सकते थे।

 

 

#Brad Hogg

Source : Agency

पाठको की राय