Sunday, October 25th, 2026

BPSSC बिहार पुलिस भर्ती : दारोगा बहाली पर कोरोना का संकट अब भी बरकरार

पटना
 बीपीएसएससी दारोगा, सार्जेंट और सहायक जेल अधीक्षक के 2446 पदों पर बहाली की प्रक्रिया को कोरोना की पहली लहर ने प्रभावित किया। आठ महीने से ज्यादा के विलंब के बाद हाल में ही इसकी शारीरिक दक्षता परीक्षा पूरी कर ली गई। अगले महीने रिजल्ट आने की संभावना है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ( बीपीएसएससी ) अब 2213 पद पर होनेवाली दूसरी बहाली के लिए लिखित परीक्षा की तैयारी में जुटा था कि एक बार फिर कोरोना का संकट सामने आ गया है। कोरोना की वजह से जो हालात बने हैं, उससे देखते हुए तय माना जा रहा है कि लिखित परीक्षा की तारीख अब जल्द घोषित नहीं होगी।

6 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने किया है आवेदन
बिहार पुलिस में बड़े पैमाने पर दारोगा और सार्जेंट की बहाली हो रही है। साल 2019 में इन दो पदों के साथ सहायक जेल अधीक्षक के कुल 2446 पदों पर बहाली निकाली थी। इसकी परीक्षा पूरी हो चुकी है और अगले महीने तक रिजल्ट आने की संभावना है। इसके अलावा साल 2020 में दारोगा और सार्जेंट के 2213 पदों पर बहाली के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। इसमें दारोगा के 1998 और सार्जेंट के 215 पद शामिल हैं। इसके लिए 6 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। कोरोना संक्रमण के कारण अभ्यर्थियों की समस्या बढ़ती ही जा रही है। 

सूत्रों के मुताबिक 2446 पदों पर बहाली प्रक्रिया के पूरा होते ही 2213 पदों के प्रारंभिक लिखित परीक्षा की तिथि घोषित की जानी थी। पर इस बीच कोरोना की दूसरी लहर ने जोर पकड़ लिया है। तेजी से फैलते संक्रमण को रोकने के लिए कई प्रतिबंध लगाए गए हैं। फिलहाल हालात सामान्य होता नहीं दिख रहा। ऐसे में प्रारंभिक लिखित परीक्षा की तारीख घोषित होने की संभावना नहीं है। माना जा रहा है कि संक्रमण का फैलाव रुकने के बाद ही इस संबंध में कोई निर्णय लिया जाएगा। 

 

Source : Agency

पाठको की राय