Tuesday, October 20th, 2026

मुक्केबाज प्रीति पवार वियतनाम की वो थी किम आन्ह को हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में

पेरिस
 भारतीय मुक्केबाज प्रीति पवार ने वियतनाम की वो थी किम आन्ह को सर्वसम्मत फैसले में हराकर पेरिस ओलंपिक में महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता और पहली बार ओलंपिक खेलों में भाग ले रही प्रीति ने शनिवार को खेले गए मुकाबले में 5-0 से जीत हासिल करके मुक्केबाजी में भारतीय अभियान की शानदार शुरुआत की।

हरियाणा की इस 20 वर्षीय मुक्केबाज को बीमार होने के कारण ओलंपिक खेलों से कुछ दिन पहले अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। पहले राउंड में वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई और इस दौरान वियतनाम की मुक्केबाज उन पर हावी रही।

भारत की मुक्केबाज ने इसके बाद हालांकि आक्रामक रवैया अपनाकर शानदार वापसी की और अगले दो राउंड में अपनी प्रतिद्वंदी को कोई मौका नहीं दिया।

भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा, ‘‘हमें बेहद खुशी है कि हमने जीत के साथ शुरुआत की। खेलों से पहले बीमार होने के बावजूद प्रीति न सिर्फ उससे उबरने में सफल रही, बल्कि उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और असाधारण साहस दिखाया।’’

प्रीति का अगला मुकाबला मंगलवार को कोलंबिया की दूसरी वरीयता प्राप्त और विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता मार्सेला येनी एरियास से होगा।

दो बार की विश्व चैंपियन निकहत ज़रीन रविवार को 50 किग्रा के राउंड ऑफ 32 में जर्मनी की मैक्सी करीना क्लोएट्ज़र के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।

 

 

#Boxer Preeti Pawar

Source : Agency

पाठको की राय