Wednesday, October 21st, 2026

प्रदेश में आज से बोर्ड की 12वीं की परीक्षा शुरू ,7 लाख से ज्यादा छात्र होंगे शामिल

भोपाल

MP बोर्ड की 12वीं की परीक्षा आज गुरुवार से शुरू हो रही है। पहला पेपर इंग्लिश का है। 12th में 7 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स एग्जाम में शामिल होंगे। प्रदेश में करीब 4 हजार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्र पर कोरोना गाइडलाइन के अनुसार ही छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा।

संक्रमित छात्रों के लिए अलग रूम

12वीं बोर्ड परीक्षा कोरोना संक्रमित छात्र भी दे सकेंगे। संक्रमित और इसके लक्षण वाले स्टूडेंट्स के लिए अलग बैठक व्यवस्था होगी। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर अलग से आइसोलेशन रूम बनाए गए हैं।

इन बातों का रखें ध्यान

    परीक्षा केंद्र में छात्र सिर्फ पेन और पेंसिल आदि ही ले जा सकते हैं।
    पारदर्शी पानी की बोतल, सैनेटाइजर की छोटी शीशी और मास्क ले जा सकते हैं।
    घड़ी, मोबाइल फोन समेत परीक्षा में उपयोग नहीं आने वाला सामान बैन रहेगा।

दिव्यांगों को ऐसे मिलेगी राहत

MP बोर्ड ने परीक्षा में शामिल होने वाले दिव्यांग या घायल छात्रों को कई राहत देने का फैसला किया है। इस दौरान दृष्टिहीन, मानसिक विकलांग और हाथ की हड्‌डी टूट जाने या हाथ की खराबी के कारण लिखने में असमर्थ छात्रों को ये राहत मिलेंगी। ऐसे छात्र लिखने के लिए किसी की मदद ले सकते हैं। साथ ही उन्हें विषय चयन, अतिरिक्त समय, परीक्षा शुल्क से छूट, कंप्यूटर या टाइप राइटर चयन की सुविधा दी जाएगी।

सुबह 8.30 बजे उपस्थित होना जरूरी

परीक्षा के लिए परीक्षार्थी को सुबह 8.30 बजे उपस्थित होना जरूरी है। छात्रों को सुबह 8.45 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। उसके बाद आने वाले छात्रों को परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा।

फैक्ट फाइल

    12वीं क्लास में 7 लाख 14 हजार 932 स्टूडेंट्स एग्जाम देंगे।
    12वीं क्लास के लिए 3 हजार 586 केंद्र बनाए गए हैं।
    287 संवेदनशील केंद्र हैं।
    357 अति संवेदनशील केंद्र हैं।

 

#परीक्षा शुरू

Source : Agency

पाठको की राय