Thursday, October 22nd, 2026

महराजगंज में पुराने विवाद के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष

महराजगंज
महराजगंज जिले के बृजमनगंज के कोमल चौराहे पर पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। जमकर हुई मारपीट में लाठी-डंडे चलने के साथ ही पथराव भी हुआ। बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस की गाड़ी के शीशे भी टूट गए। मारपीट में छह लोग घायल हा गए हैं। पुलिस ने आठ नामजद व 12 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसपी निवेश कटियार व फरेंदा सीओ कोमल प्रसाद मिश्र ने मौके का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर वहां पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

कोमल चौराहे पर क्षेत्र के ग्राम बगौली व पुरंदरपुर के खुर्रमपुर वनटांगिया के रहने वाले दर्जनों लोग पुरानी रंजिश को लेकर आपस में भिड़ गए। माहौल गरम हो गया। मारपीट शुरू होते ही चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों से ईंट-पत्थर चलने लगे। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान ईंट पत्थर लगने से पुलिस की गाड़ी के शीशे भी टूट गए। हालात पर काबू पाने के लिए सर्किल के चारों थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई। भारी फोर्स के पहुंचने के बाद जाकर मामला शांत हो सका।

प्रभारी एसओ प्रिंस कुमार ने बताया, बगौली व खुर्रमपुर के लोगों के बीच मारपीट की सूचना पर तत्काल पुलिस पहुंची। इस मारपीट में बगौली के रहने वाले श्रीनिवास व रामनगीना समेत छह लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए भेज दिया गया है। एक युवक को हिरासत में लेकर केस दर्ज कर लिया गया है।

 

#Bloody

Source : Agency

पाठको की राय