Friday, October 23rd, 2026

कोलकाता की बारूद से हुआ भागलपुर में धमाका, चारकोल पाउडर की सप्लाई करने वाला आशीष अरेस्ट

भागलपुर

भागलपुर के काजवलीचक धमाका मामले में भागलपुर पुलिस कोलकाता पहुंची है। चारकोल सहित विस्फोटक में इस्तेमाल होने वाले मटेरियल की सप्लाई करने वाले से पुलिस कोलकाता में पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो कोलकाता में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस मामले में बुधवार को गिरफ्तार किये गये आशीष की निशानदेही पर भागलपुर पुलिस की टीम कोलकाता पहुंची है।

टीम में दो थानेदार शामिल हैं। इधर, गुरुवार को एसएसपी बाबू राम व एसपी सिटी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में पुलिस ने आशीष के घर छापेमारी कर बारूद बरामद की है। पुलिस अभी यह मानकर जांच कर रही है कि काजवलीचक में कोलकाता से लाई गई बारूद से धमाका हुआ था। काजवलीचक धमाका मामले में पकड़े गये आशीष ने बारूद उपलब्ध कराने वाले और उसकी खरीद करने वाले लगभग एक दर्जन लोगों के नाम पूछताछ में पुलिस को बताए हैं। उसने बताया है कि वह चारकोल पाउडर और विस्फोटक में इस्तेमाल होने वाले अन्य मटेरियल कोलकाता से लाता था।

भागलपुर सामान लाने के बाद यहां कई पटाखा निर्माता उससे मटेरियल खरीदते थे। उसने जिन लोगों के नाम बताये हैं, पुलिस उन सभी जगहों पर छापेमारी के लिए पहुंच रही है। उसके बयान के अनुसार शहर के कई लोग पुलिस के निशाने पर आ गये हैं, जो उससे बारूद की खरीद किया करते थे। पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि कई साल पहले विस्फोटक अधिनियम के एक केस में आशीष के रिश्तेदार अभियुक्त थे।

 

#आशीष अरेस्ट

Source : Agency

पाठको की राय