Sunday, October 25th, 2026

नई आफत बन रहा ब्‍लैक फंगस, 31 नए मरीज मिले, अब तक 3 की मौत

 पटना 
बिहार में ब्लैक फंगस अब जान भी लेने लगा है। गुरुवार को ब्लैक फंगस की लक्षण वाली वैशाली के लालगंज निवासी महिला की जान चली गई। इससे पहले कैमूर निवासी महिला की वाराणसी में तो इस बीमारी के लक्षण वाले मुजफ्फरपुर निवासी वृद्ध की आईजीआईएमएस में एंबुलेंस में मौत हो गई थी। इस तरह ब्लैक फंगस से अब तक तीन जानें जा चुकी हैं। वहीं, गुरुवार को पटना के दो बड़े सरकारी अस्पतालों में ब्लैक फंगस के कुल 31 नए मरीज अपनी जांच कराने पहुंचे। इस तरह राज्य में ब्लैक फंगस के अब तक 135 मरीज मिल चुके हैं।
गुरुवार को सामने आए 31 मरीजों में से 26 पटना एम्स में, जबकि पांच आईजीआईएमएस में पहुंचे।

 आईजीआईएमएस में जांच कराने आए पांच में से चार को दवा और सावधानी बरतने की सलाह देकर घर भेज दिया गया। वहीं, गंभीर लक्षण वाले एक मरीज को भर्ती कर लिया गया। वहीं एम्स में आए 26 में सात गंभीर लक्षण वाले थे। इन्हें भर्ती कर लिया गया। बाकी 19 आंशिक लक्षण वाले को दवा और चिकित्सकीय सलाह देकर घर भेज दिया गया। एम्स में ब्लैक फंगस के कुल 32 मरीज भर्ती हैं। इनमें से चार आईसीयू में हैं। उधर, वैशाली जिले के लालगंज की घटारो दक्षिणी पंचायत के वार्ड-8 निवासी राजकिशोर राय की पत्नी प्रमिला देवी की हाजीपुर के जौहरी बाजार स्थित निजी नर्सिंग होम में बुधवार की देर रात मौत हो गई।


 

 

#ब्‍लैक फंगस

Source : Agency

पाठको की राय