Sunday, October 25th, 2026

BJP का बड़ा ऐलान- नीतीश कुमार की लीडरशिप में 2025 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी पार्टी

पटना
बिहार बीजेपी ने कहा है कि 2025 का विधानसभा चुनाव नीतीश के नेतृत्व में लड़ेंगे. लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के साथ ही सियासी समीकरण भी नए सिरे से बन रहे हैं. इस बीच बिहार बीजेपी अध्यक्ष और राज्य के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि हम 2025 का विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि बिहार में 1996 से हम नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं.

उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने भी सम्राट चौधरी की तर्ज पर बयान देते हुए कहा कि 2025 में नीतीश के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा. उन्होंने कहा, 'हमारे एनडीए के नेता हैं इसमें किसी को कहां शक है, इसमें कुछ लोग पिछले दरवाजे, चोर दरवाजे से घुसना चाहते हैं. राजद के लोग भ्रम का वातावरण बनाते हैं क्योंकि उनको हिम्मत नहीं है कि जनता का जनादेश लेकर सत्ता में आने का, इसलिए वो इस तरह का माहौल तैयार करते हैं.'

झूठ की खेती करती है राजद

विजय सिन्हा ने जेडीयू द्वारा केंद्र सरकार से अग्निवीर योजना की समीक्षा करने की मांग पर कहा, 'ये कोई विषय नहीं है .. विषय अब यह है कि राष्ट्र मजबूती से बढ़ना चाहिए .. एनडीए सामूहिक नेतृत्व की पार्टी है और सामूहिक नेतृत्व मिल बैठकर काम करती है.'

 बीजेपी  कार्यकर्ताओं का जिक्र करते हुए विजय सिन्हा ने कहा,  'तीन महीने से लगातार भाजपा के कार्यकर्ता बिना थके-हारे लगे रहे. कठिन मेहनत की है. बिहार के अंदर नकारात्मक लोगों से लड़ाई थी, जो झूठ की खेती करते हैं, अफवाह फैलाते हैं. अपराधी और भ्रष्टाचारी के बल पर सत्ता पाने का जुगाड़ लगाते हैं. ऐसे मानसिकता वाले लोगों को पराजय दिलाने वाले कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हैं.'

नीतीश बने हैं किंगमेकर

आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद नीतीश कुमार और टीडीपी मुखिया चंद्रबाबू नायडू किंगमेकर बनकर उभरे हैं. एनडीए को 543 में से 293 सीटें मिलीं, जबकि INDIA ब्लॉक को 233 जगहें मिल सकीं. भाजपा को 240 सीटों के साथ बहुमत तो मिला, लेकिन वो मैजिक नंबर 272 को नहीं छू सकी, जिसके दम वो अकेले सरकार बना सकती थी. भाजपा समेत पूरा एनडीए फिलहाल आंध्रप्रदेश की तेलुगु देशम पार्टी और बिहार के जनता दल (यूनाइटेड) के भरोसे है, नीतीश की पार्टी जेडीयू को 12 सीटें मिली हैं जो एनडीए में टीडीपी (16) के बार सबसे बड़ी भागीदार है.

 

 

#nitish

Source : Agency

पाठको की राय