दो हजार स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करेगी BJP, बोट क्लब में योग करेंगे CM
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सोमवार को योग दिवस पर राजधानी के बोट क्लब पर योग कार्यक्रम में शामिल होंगे। कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए भाजपा द्वारा प्रदेश भर में दो हजार स्थानों पर योग का कार्यक्रम रखा गया है। इसके बाद ये नेता वैक्सीनेशन के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने वैक्सीनेशन सेंटर भी जा सकते हैं। योग शिविर में प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए काढ़े के पैकेट भी वितरित किए जाएंगे। प्रदेश भाजपा द्वारा तय कार्यक्रम के मुताबिक 21 जून को प्रदेश में दो हजार से अधिक स्थानों पर योग के कार्यक्रम पार्टी की ओर से होंगे।
इन कार्यक्रमों में भाग लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन अच्छे स्वास्थ्य के लिए योग को अपनाने का संदेश देंगे। योग दिवस की प्रदेश प्रभारी सीमा सिंह ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक मंडल के दो स्थानों पर कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में लगभग 30 मिनट का योग सत्र होगा। ये कार्यक्रम संबंधित क्षेत्रों में स्थित योगा केन्द्र, जिम, क्लब, मॉर्निंग वाकर्स क्लब, अस्पताल, सामाजिक व खेल संस्थाओं, कवर्ड कैम्पस, रेसिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, कालोनियों सहित अन्य स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। मंडल स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों में केन्द्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, प्रदेश के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, जिले के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
भोपाल में वोट क्लब के अलावा खजूरी स्थित एसओएस बालग्राम, जवाहर चौक स्थित अटल पथ, पॉलिटेक्निक स्थित स्मार्ट रोड पार्क, भोजपुर क्लब, एकांत पार्क स्थित ब्रम्हाकुमारी आश्रम, एमपी नगर स्थित गायत्री परिवार, चिनार पार्क स्थित आटो यूनियन, भेल स्पोटर्स क्लब, नीलबड़ स्थित मुस्कान एनजीओ, जिला न्यायालय स्थित बार काउंसिल, नेहरू नगर स्थित किशोर बालिका सुधार गृह, बापू नगर स्थित सेवा भारती, अंबेडकर नगर स्थित सेवा भारती, संत नगर स्थित आरोग्य केन्द्र, डीआईजी बंगला स्थित जवाहरलाल अस्पताल, अन्य परिसरों सहित भोपाल के प्रत्येक मंडल में योग के कार्यक्रम होंगे।

पाठको की राय