Monday, October 26th, 2026

आदतन अपराधियों को टिकट नहीं देगी बीजेपी

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बीजेपी आदतन और कुख्यात अपराधियों को टिकट नहीं देगी। अगर कहीं से किसी ऐसे व्यक्ति के परिजनों को टिकट मिला है जो आदतन अपराधी है तो उसका टिकट बदला जाएगा। इंदौर में ऐसा मामला सामने आने पर टिकट बदला जा चुका है। बीजेपी राजनीति में अपराधियों की पक्षधर नहीं है।

सीएम चौहान ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस ने राजनीति का अपराधीकरण किया है। कांग्रेस ने अपराधियों को ही जनप्रतिनिधि बनाया है लेकिन भाजपा स्वच्छ राजनीति की पक्षधर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के इसको लेकर साफ निर्देश हैं कि ऐसे लोगों को दूर रखा जाए जो आदतन अपराधी हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जनता से चुने हुए प्रतिनिधि लोकसेवा, जनकल्याण और विकास के लिए होते हैं। यहां अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। इसलिए इंदौर का टिकट तुरंत बदला गया और बाकी जगह भी ऐसी शिकायत पर संगठन टिकट बदलेगा। उन्होंने आदतन अपराधी को लेकर यह भी स्पष्ट किया कि किसी पारिवारिक विवाद या मामूली विवाद या जनता के हित की लड़ाई में दर्ज होने वाले केस इस तरह के मामले में शामिल नहीं होते हैं। आदतन अपराध के मामले में एक व्यक्ति पर कई तरह के केस होते हैं। इसे ध्यान में रखकर काम किया जा रहा है।

 

#BJP

Source : Agency

पाठको की राय