Monday, October 19th, 2026

शशि थरूर के ट्वीट से फैली अफवाह का BJP ने किया खंडन कहा स्वस्‍थ हैं सुमित्रा महाजन

इंदौर
अचानक देर रात एक अफवाह फैली कि पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन का निधन हो गया. इसको लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने भी एक ट्वीट कर दिया. उन्होंने लिखा कि पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के निधन की खबर सुन कर काफी दुख हुआ. उनके साथ हुई कई चर्चाएं याद हैं. सुमित्रा जी और सुषमा स्वराज जी ने ही मुझे मास्को में हुए ब्रिक्स सम्मेलन को लीड करने के लिए कहा था.

हालांकि इस बात का खंडन करते हुए बीजेपी ने कहा कि सुमित्रा महाजन पूरी तरह से स्वस्‍थ हैं और उनकी कोविड की रिपोर्ट भी नेगेटिव आई है. वहीं इस संबंध में बीजेपी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि ताई पूरी तरह से स्वस्‍थ्य हैं और भगवान उनको लंबी उम्र दे.

इसके थोड़ी ही देर बाद शशि थरूर ने एक ट्वीट कर के कहा कि उन्होंने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया है. उन्हें किसी रिलायबल सोर्स से ये जानकारी मिली थी लेकिन अब वे महाजन के स्वस्‍थ्य होने की बात सुनकर खुश हैं और साथ ही उन्होंने कहा कि इस तरह की खबरें बनाने वालों पर उन्हें ताज्जुब होता है.

वहीं राजस्‍थान मंत्री और राजस्‍थान में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी इस संबंध में ट्वीट किया था जो उन्होंने बाद में डिलीट कर दिया. डोटासरा ने लिखा था कि पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन जी के देहांत का दुखद समाचार मिला. मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करने एवं उनके परिवारजनों को यह आघात सहने का संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं.

 

#BJP

Source : Agency

पाठको की राय