ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंची भाजपा, पूजा समितियों को पैसे देने पर जताया ऐतराज
कोलकाता
भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव आयोग से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर एक्शन लेने की गुहार लगाई है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि उपचुनावों की तारीख घोषित होने के बाद ममता बनर्जी चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रही हैं। मंगलवार को भाजपा के एक डेलीगेशन ने कोलकाता स्थित चुनाव आयोग के ऑफिस पहुंचे थे। इस डेलीगेशन में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रताप बनर्जी, पार्टी नेता शिशिर बजोरिया और बालुरघाट से सांसद सुकांता मजूमदार शामिल थे। भाजपा ने यह कदम पश्चिम बंगाल सरकार की उस घोषणा के बाद उठाया जब जिसमें उसने प्रदेश की दुर्गा पूजा समितियों को 50 हजार रुपए की वित्तीय सहायता देने का ऐलान किया है।
दुर्गा पूजा क्लबों को पैसे बांटने की हुई है घोषणा
भाजपा के डेलीगेशन ने कहा कि हमने भवानीपुर से उम्मीदवार ममता बनर्जी की चुनाव आयोग में शिकायत की है। हमने चुनाव आयोग को बताया है कि मुख्यमंत्री उपचुनाव की डेट डिक्लेयर होने के बावजूद दुर्गा पूजा क्लबों को पैसे बांटने की घोषणा कर रही हैं। भाजपा डेलीगेशन ने इस संबंध में पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र भी सौंपा है। इस पत्र में लिखा है कि हम आपका ध्यान पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम की तरफ दिलाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और मुख्य सचिव ने इस कार्यक्रम को संबोधित किया था।
ममता बनर्जी को उपचुनाव में फायदा पहुंचने की जताई आशंका
भाजपा डेलीगेशन के पत्र में लिखा है कि इस कार्यक्रम में दुर्गा पूजा आयोजन समितियों को बुलाया गया था। इस दौरान दुर्गा पूजा का आयोजन करने वाले क्लबों को कैश डोनेशन और अन्य सुविधाएं देने की घोषणा की गई। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में ऐसे 36,000 क्लब हैं और कोलकाता म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन एरिया में 2500 क्लब हैं। भाजपा ने पत्र में लिखा है कि यह साफ है कि चुनाव के दौरान भूमिका निभाने के लिए क्लबों को यह सौगात बांटी गई है। इससे उपचुनाव में भवानीपुर से टीएमसी उम्मीदवार ममता बनर्जी को फायदा पहुंचेगा।

पाठको की राय