राज्य में बढ़ते दुष्कर्म पर भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री ने जताई चिंता
रायपुर। छत्तीसढ़ में अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं,युवतियों तथा छोटी बच्चियों के साथ बढ़ती दुष्कर्म की घटनाओं पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह बहुत ही दुखद है कि दुष्कर्म के आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं किये जा सके हैं। इसके लिये पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा को आगे आकर लड़ाई लडऩी होगी इसके लिये प्रकोष्ठ को मुखर होने की जरूरत है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक मे उपस्थित प्रकोष्ठ के लोगों को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं के विरोध में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा को मुखर होते हुए समाज पर हो रहे अन्याय अत्याचार के विरुद्ध सड़क की लड़ाई लडऩी होगी। उन्होने प्रकोष्ठ के सदस्यों से कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 के लिए अनुसूचित जाति मोर्चा अभी से कार्ययोजना बनाएं और छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के काले कारनामों को जनता के सामने लाए। भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री गौतम ने कहा कि कांग्रेस ने देश में लंबे समय तक शासन करते हुए अनुसूचित जाति वर्ग को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, जिसके कारण इस वर्ग की स्थिति बद से बदतर होती चली गई। मुगल काल में भी अजा वर्ग को जबरन धर्मांतरण करा कर उनके परिवारजनों के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए लगातार प्रताड़ित किया गया।
केंद्र में भाजपा सरकार के आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने अजा वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक योजनाएं बनाते हुए उसका क्रियान्वयन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि अजा वर्ग के लोगों को नौकरी मांगने वाला नहीं, देने वाला बनना होगा। गौतम ने कहा कि अनुसूचित जाति मोर्चा भाजपा का अभिन्न अंग है। इसका उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग को समाज की मुख्यधारा में जोड़ते हुए उनके ऊपर हो रहे अन्याय-अत्याचार के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा करना व इस वर्ग को भाजपा की रीति-नीति से जोड़ते हुए केंद्र सरकार की योजनाओं का अधिक-से-अधिक लाभ दिलाना है। डाक्टर भीमराव अंबेडकर कोआधुनिक भारत का स्वप्न द्रष्टा बताते हुए संविधान निर्माण से लेकर केंद्रीय मंत्री के रूप में उनके अनेक योगदान को स्मरण करते हुए गौतम ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डा. अंबेडकर के विचारों के अनुरूप कार्य कर रही है।केंद्र सरकार ने बाबासाहब से संबंधित पांच प्रमुख स्थलों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित कर राष्ट्र को समर्पित किया है, जो कि उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

पाठको की राय