Tuesday, October 20th, 2026

भाजपा विधायक बृजबिहारी पटेरिया की बेटी के साथ घर में घुसकर मारपीट की घटना

सागर

मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक बड़ा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिले की देवरी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक बृजबिहारी पटेरिया की बेटी के साथ घर में घुसकर मारपीट की गई है। विधायक के भतीजे पर मारपीट का आरोप है। घटना की सूचना मिलने पर विधायक बेटी को साथ लेकर शिकायत दर्ज करवाने एसडीओपी ऑफिस पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
घर में घुसकर मारपीट

विधायक की बेटी प्रियंका पटेरिया के साथ गुरुवार को मारपीट की गई। प्रियंका ने बताया कि उनका घर बिजौरा गांव में है। जब सुबह वह अपने घर पर थीं तब उनके चचेरे भाई और जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि विनीत पटेरिया एवं उनके बेटे कुशाल पटेरिया घर में दाखिल हुए। दोनों ने उनपर जान से मारने की नीयत से हमला किया। विधायक की बेटी ने बताया कि आधे घंटे तक उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान वह किसी तरह घर से बाहर निकलीं तो आरोपियों ने उनका गला पकड़ लिया। उन्हें जान से मारने की कोशिश की। उन्हें धमकी दी कि क्षेत्र में घूमना बंद कर दो। अगर अब दिखाई दी तो जान से मार देंगे। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह उनकी जान बचाई।
लोगों से मिलने पर विपक्षियों के निशाने पर

टीवी9 भारतवर्ष की रिपोर्टके अनुसार, विधायक की बेटी प्रियंका ने कहा कि पिता काम के सिलसिले में अक्सर भोपाल आया-जाया करते हैं। जब पिता घर पर नहीं रहते तब वह क्षेत्र के लोगों से मिलती हैं। उनके सुख-दुख में शामिल होती है। क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लेती हैं। यही वजह है कि वह शायद विपक्षियों के निशाने पर आ गई हैं।
मामला दर्ज

बेटी के साथ मारपीट किए जाने की सूचना मिलने पर विधायक बृजबिहारी पटेरिया घर पहुंचे। इसके बाद बेटी प्रियंका को लेकर सीधे एसडीओपी ऑफिस पहुंचे। जहां बेटी ने चचेरे भाई विनीत और उनके बेटे कुशाल पटेरिया पर मामला दर्ज कराया। पुलिस ने उनकी मेडिकल जांच कराई। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

 

#BJP MLA Brijbihari Pateria

Source : Agency

पाठको की राय