Thursday, October 22nd, 2026

लोकसभा चुनाव में बीजेपी नेता निरहुआ को हार का सामना करना पड़ा, कहा इंडिया गठबंधन के बहकावे में आ गई जनता

आजमगढ़
लोकसभा चुनाव में बीजेपी नेता दिनेश लाल यादव निरहुआ को हार का सामना करना पड़ा। हार वजह बताते हुए निरहुआ ने कहा कि इंडी गठबंधन ने जो झूठ फैलाया उसके भ्रम में जनता आ गई। उन्होंने कहा कि खटखट पैसे देने और संविधान खत्म करने की झूठ फैलाकर जनता को गुमराह किया गया। अब पांच साल बाद जनता इनसे सवाल पूछेगी। इनसे पूछेगी कि बताओ संविधान कहां खत्म हो गया? तुम्हारी खटाखट वाली गारंटी का पैसा कहां है? अब यही झूठ इन पर भारी पड़ने वाला है।

निरहुआ ने कहा कि हार या जीत कुछ भी हो हम आज़मगढ़ छोड़ने वाले नहीं, जो भी विकास कार्य है उसको आगे बढ़ाएंगे। हमारी सरकार केंद्र में भी है और प्रदेश में भी है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा है कि कोई भी विकास कार्य नहीं रुकेगा। धर्मेन्द्र यादव भले ही जीत गये हो, लेकिन विकास कार्य हमें ही कराना है। लोकसभा चुनाव में 3 लाख 47 हज़ार लोगों ने हमें आशीर्वाद दिया है। हमने 2 वर्ष के कार्यकाल में नई रेलवे लाइन पास कराई, सारी सड़क बनवा दी, विश्वविद्यालय बनवा दिया। संगीत विद्यालय के साथ साथ रिंग रोड पास करवाया है। हार जीत तो होती रहती है, लेकिन हम जनता के बीच बने रहेंगे।

धर्मेंद्र यादव ने कहा था कि निरहुआ गलती से राजनीति में फंस गये हैं के सवाल पर निरहुआ ने कहा कि पहले धर्मेंद्र यादव हमारे द्वारा किये गये 2 वर्षो के कार्यों के बराबर 5 वर्ष में कार्य करके दिखा दें, उसके बाद हमें शुभकामना दें। कहा मेरा भविष्य बहुत उज्ज्वल है। दरअसल, आजमगढ़ के भाजपा पूर्व सांसद दिनेश लाल निरहुआ चुनाव हारने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने गये थे। मुख्यमंत्री योगी से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आप आज़मगढ़ की जनता के बीच कार्य करते रहिए।

 

 

#BJP leader Nirhua

Source : Agency

पाठको की राय