Sunday, October 25th, 2026

भाजपा हर जगह विपक्ष की सरकार गिराने में लगी हुई है - भूपेश

रायपुर
महाराष्ट्र में राजनीतिक उलटफेर को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, हम लोग पहले से आशंका व्यक्त कर रहे थे कि भाजपा, विपक्ष को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। इसलिए वह साम, दाम, दंड, भेद के माध्यम से सरकार गिराने में लगी है। उसमें उनको सफलता मिली है। अब इसमें भाजपा को जश्न मनाने की क्या जरूरत है। शिवसेना के लोग बागी हुए थे। उसके कारण मुख्यमंत्री ने वहां इस्तीफा दिया। भाजपा का असली चेहरा अब सामने आया है। क्या उन्होंने खेल खेला और उसका क्या असर हुआ। भाजपा हर स्तर पर लगी हुई है, विपक्ष की सरकार गिराने में। महाराष्ट्र में उसे सफलता मिली है। मैं नहीं समझता हूं कि प्रजातंत्र के लिए यह उचित है।

रायपुर में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा, अगर सरकार से कोई विधायक नाराज हो, कोई गुट नाराज हो और उसके बाद कोई बदलाव हो तो समझ में आता है। यहां तो सरकार गिराने के उद्देश्य से घेराबंदी करे, बाड़ेबंदी करे, विधायकों की खरीद-फरोख्त करे। वह राजस्थान की बात हो, मध्य प्रदेश की बात हो, गोवा की बात हो, कर्नाटक की बात हो, चाहे नार्थ-ईस्ट में हो या अब महाराष्ट्र में। महाराष्ट्र में तो लगातार ये लोग कर ही रहे थे। सब उसके मंत्री, विधायकों की धरपकड़ कर ही रहे थे। यह उचित तो नहीं है।

 

#BJP

Source : Agency

पाठको की राय