राम के नाम पर राजनीति भाजपा करती है, कांग्रेस नहीं
रायपुर
कौशिल्या माता मंदिर के जीर्णोद्धार, और लोकार्पण के पहले सीएम भूपेश बघेल ने गुरुवार को भाजपा पर तीखा तंज कसा है, उन्होंने कहा कि भाजपा ने राम के नाम पर तो सत्ता पा लिया था, लेकिन माता कौशिल्या मंदिर और राम वन गमन परिपथ के लिए कुछ नहीं किया। उनके लिए तो राम केवल वोट दिलाने वाले के रूप में हैं। जबकि हमारे लिए महात्मा गांधी के राम, भांचा राम और सबरी के राम हैं।
श्री बघेल अपने निवास पर पत्रकारों से चर्चा में कहा कि विश्व की एक मात्र माता कौशिल्या मंदिर को जीर्णोद्धार किया गया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विभिन्न वर्ग, जाति के लोग रहते हैं। उनकी अपनी संस्कृति हैं, और छत्तीसगढ़ सरकार इसको बढ़ावा देने का काम कर रही है। सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनजाति जीवनशैली है उसको भी संरक्षित और संवर्धन की दिशा में सरकार काम कर रही है। सिरपुर के सबसे बड़े बौद्ध मठ को विश्व के मानचित्र में लाने का प्रयास भी किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में शिवभक्ति है, तो देवी के उपासक भी हैं। राम की महत्ता है। उन्होंने भगवान राम के नाम का गोदना गुदवाने की प्रथा का जिक्र करते हुए कहा कि राम पूरे शरीर में रचा-बसा है।
सीएम ने कहा कि भगवान राम के वनवास का अधिकांश समय छत्तीसगढ़ में गुजरा है। यहां की संस्कृति का उनके जीवन पर भी प्रभाव पड़ा होगा। छत्तीसगढ़ का अपना योगदान है। उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोला, और कहा कि कुछ लोगों के लिए वोट दिलाने वाले राम हैं। भाजपा राम के नाम पर राजनीति करती रही है। कालनेमी में भी अपने स्वार्थ के लिए भगवान राम का नाम लिया था। एक सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि जब-जब उन्हें कोई जिम्मेदारी मिलती है। छत्तीसगढ़ में भाजपा के कुछ लोगों की पूछ-परख बढ़ जाती है।

पाठको की राय