लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा; 11 लोकसभा क्षेत्रों को तीन क्लस्टर में तय किए प्रभारी
रायपुर.
छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक बहुमत के साथ जीत के बाद आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जुट गई है। भाजपा नेताओं का कहना है कि जिस प्रकार से विधानसभा में छत्तीसगढ़ की जनता भाजपा पर विश्वास जताया है,'मोदी की गारंटी' पर विश्वास जताया है, इसी प्रकार आगामी लोकसभा चुनाव में भी छत्तीसगढ़ की जनता प्रधानमंत्री मोदी के कामों पर अपनी मुहर लगाएगी।
लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा मोदी की गारंटी और मोदी जी के 10 साल के कार्यकाल को लेकर और भाजपा की प्रदेश सरकार के पिछले एक महीने के अल्प कार्यकाल में लिए गए जनकल्याणकारी फैसलों को लेकर जनता तक जाने के लिए संगठनात्मक संरचना कर रणनीतिक तैयारियों को अंतिम रूप दे चुकी है। भाजपा ने लोकसभा की दृष्टिकोण से छत्तीसगढ़ को बस्तर, रायपुर और बिलासपुर तीन क्लस्टर में बांटा है जिसमें विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। बस्तर क्लस्टर में बस्तर, कांकेर और महासमुंद लोकसभा क्षेत्रों को रखा गया है जिसके लिए प्रदेश मुख्य प्रवक्ता, पूर्व मंत्री और विधायक अजय चंद्राकर, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विक्रम उसेंडी और यशवंत जैन को प्रभारी बनाया गया है। रायपुर क्लस्टर के तहत दुर्ग, राजनांदगांव, रायपुर और जांजगीर-चाँपा लोकसभा क्षेत्रों के लिए प्रदेश प्रवक्ता, पूर्व मंत्री और विधायक राजेश मूणत, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव और पूर्व रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष राजीव अग्रवाल प्रभारी बनाए गए हैं।
बिलासपुर क्लस्टर में बिलासपुर, कोरबा, सरगुजा और रायगढ़ लोकसभा क्षेत्रों को शामिल किया गया है जिसके लिए पूर्व मंत्री व विधायक अमर अग्रवाल, पूर्व मंत्री रामसेवक पैकरा और कृष्णा राय को प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा की संगठनात्मक बैठकों का दौर शुरू हो गया है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन, चुनाव सह प्रभारी डॉ. मनसुख मांडविया सहित केंद्रीय और प्रादेशिक नेतृत्व ने पदाधिकारियों, नेताओं व कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया है।
#BJP preparing for elections#in-charge by dividing#Lok Sabha constituencies#three clusters

पाठको की राय