Thursday, October 22nd, 2026

जन्मदिन विशेष: IPL में इस टीम के खिलाफ रोहित शर्मा बनाते हैं सबसे ज्यादा रन, देखें उनकी टॉप-5 पारियां

नई दिल्ली

रोहित शर्मा जन्मदिन मुबारक हो! भारतीय कप्तान रोहित शर्मा आज 36 साल के हो गए हैं। इंटरनेशनल स्टेज पर धूम मचाने के साथ-साथ आईपीएल में भी हिटमैन का खूब दबदबा रहा है। 2013 में पहली बार मुंबई इंडियंस की कप्तानी करने वाले रोहित ने पहले ही सीजन में इस टीम को चैंपियन बना दिया था। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और टीम को एक के बाद एक कुल 5 ट्रॉफी जिताई। रोहित शर्मा के नाम बतौर कप्तान आईपीएल में सबसे ज्यादा ट्रॉफी जीतने का रिकॉर्ड है, उन्होंने एमआई को 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में चैंपियन बनाया था। टीम को जिताने के साथ-साथ उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन भी काफी लाजवाब रहा है। रोहित शर्मा के नाम इस रंगारंग लीग में 6060 रन दर्ज हैं और वह आईपीएल के इतिहास में 6000 रन का आंकड़ा पार करने वाले चौथे बल्लेबाज हैं। हिटमैन के नाम बतौर भारतीय बल्लेबाज आईपीएल में सबसे अधिक छक्के जड़ने का भी रिकॉर्ड दर्ज है, वह अभी तक 250 बार गेंद को सीधा सीमा रेखा के बाहर पहुंचा चुके हैं। आइए उनके जन्मदिन के खास मौके पर रोहित शर्मा की टॉप-5 आईपीएल इनिंग के बारे में जानते हैं-

-109* बनाम केकेआर: कप्तान रोहित शर्मा का पहला आईपीएल शतक 2012 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आया था। इस टीम के खिलाफ हिटमैन को रन बनाना काफी पसंद है। उस मैच में मुंबई ने 182 रन बोर्ड पर लगाए थे, जिसमें 109 रन रोहित के बल्ले से आए थे। रोहित अंत तक नाबाद रहे थे और उन्होंने 12 चौके लगाने के साथ 5 गगनचुंबी छक्के भी लगाए थे। एमआई ने यह मैच 27 रनों से जीता था।

-98* बनाम केकेआर: कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ही 2015 में रोहित शर्मा अपना दूसरा आईपीएल शतक जड़ने से मात्र 2 रन से चूक गए थे। टीम की कप्तानी करते हुए रोहित 98 रनों पर नाबाद रहे थे। रोहित के अलावा टॉप-4 का कोई बल्लेबाज उस मैच में दहाई का आंकड़ पार नहीं कर पाया था जिस वजह उनकी यह पारी खास है। मुंबई इस मैच में 168 के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब रही थी। हालांकि रोहित शर्मा की इस पारी पर केकेआर ने 7 विकेट से जीत दर्ज कर पानी फेरा था।

-94 बनाम आरसीबी: 2018 में एक बार फिर रोहित शर्मा 90's में पहुंचे थे। इस बार सामने टीम विराट कोहली की थी। रोहित इस मैच में मात्र 6 रनों से शतक से चूके थे। आरसीबी के खिलाफ हुए मुकाबले में हिटमैन के बल्ले से 52 गेंदों पर 94 रन निकले थे। मुंबई ने रोहित की पारी के दम पर 213 रनों का विशाल स्कोर बनाया था और यह मैच 46 रनों से अपने नाम किया था।

-32* बनाम केकेआर: आईपीएल की शुरुआत में जब रोहित शर्मा डेक्कन चार्जर्स का हिस्सा था तो उन्होंने मात्र 32 रनों की एक बार खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता था। 2009 में रोहित शर्मा ने 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नंबर 5 पर आकर 13 गेंदों पर 32 रन बनाए थे, इस दौरान उनके बल्ले से 3 चौके और 2 छक्के निकले थे। रोहित का स्ट्राइक रेट पारी के दौरान 246.15 का रहा था। जी हां, इस बार भी उनके सामने टीम केकेआर की ही थी। रोहित शर्मा ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपनी टीम को यह मैच जिताया था।

-80 बनाम केकेआर: रोहित शर्मा के आईपीएल करियर की टॉप-5 में शामिल आखिरी पारी भी केकेआर के खिलाफ ही आई थी। 2020 में उन्होंने इस टीम के गेंदबाजों को एक बार फिर रिमांड पर लिया था। आबु धाबी में हुए उस मैच में रोहित ने चौके से ज्यादा छक्के लगाए थे। 54 गेंदों पर 80 रनों की उस पारी के दौरान रोहित ने शुरुआत से ही आक्रमक दिख रहे थे, हिटमैन के बल्ले से पारी में 4 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के निकले थे। एमआई यह मैच 46 रनों से जीता था और रोहित प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे।

आपकी जानकारी के लिए बता दें, रोहित शर्मा ने आईपीएल के इतिहास में अभी तक सिर्फ एक टीम के खिलाफ ही 1000 से अधिक रन बनाए हैं। जी हां, आप सही सोच रहे हैं यह टीम और कोई नहीं बल्कि कोलकाता नाइट राइडर्स ही है। रोहित ने केकेआर के खिलाफ खेले 32 मैचों में 41.60 की औसत के साथ 1040 रन बनाए हैं।

 

 

#IPL

Source : Agency

पाठको की राय