Saturday, October 24th, 2026

बाइक अचानक बनी आग का गोला, शख्स ने कूदकर बचाई जान

चेन्नई
कई बार ऐसे मामले सामने आ जाते हैं जब रोड पर सरपट भागती गाड़ियां आग का शिकार हो जाती हैं और किसी को कुछ समझ नहीं आता है। कई बार इन हादसों के चक्कर में जानें भी चली जाती हैं। ऐसी ही एक घटना चेन्नई से सामने आई है जहां रोड पर सरपट भागती एक बाइक में आग लग गई। यह आग इतनी तेजी से लगी कि इसे चलाने वाली किसी तरह उस पर से कूद पाया। दरअसल,यह घटना चेन्नई के मंडवेली के पास की है। रिपोर्ट के मुताबिक इस शख्स का नाम अरुण रामलिंगम है जो चेन्नई के ही रहने वाले हैं। वे मंडवेली के पास अपनी बाइक पर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक में अचानक आग लग गई। घटना बुधवार एक जून की रात की बताई गई है। जब तक वे कुछ समझ पाते तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया।

इसके बाद उस शख्स ने तत्काल बाइक छोड़ दी और उस पर से कूद गया। शख्स को कुछ चोट भी आई है और वह मामूली रूप से जल भी गया। हालांकि शख्स की बाइक को नहीं बचाया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही वहां दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंच गईं लेकिन आग पर काबू पाने से पहले ही वह बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।  रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई। घटना के बाद इलाके में ट्रैफिक भी धीमा हो गया। इस घटना की कुछ तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं। इसमें दिख रहा है कि बीच सड़क पर बाइक धू-धूकर जल रही है और उसके आसपास लोग खड़े हुए हैं।

 

#Bike suddenly

Source : Agency

पाठको की राय