Friday, October 23rd, 2026

बिहार को नए साल पर मिलेंगे 13 हजार टीचर्स, 17 जनवरी से शुरू होगी काउंसिलिंग

पटना
शिक्षा विभाग ने प्रारंभिक शिक्षक पदों पर नियुक्ति के लिए तृतीय चक्र की काउंसिलिंग की समय-सारणी सोमवार को जारी कर दी। 11 दिसंबर को पंचायत चुनाव की चल रही प्रक्रिया के चलते स्थगित काउंसिलिंग की नई तिथि की जानकारी शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने दी।  तृतीय चक्र के तहत करीब 1400 प्रारंभिक शिक्षक नियोजन इकाइयों में तकरीबन 13 हजार शिक्षक पदों पर नियुक्ति के लिए योग्य अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया जाना है। दो चक्र की काउंसिलिंग जुलाई और अगस्त माह में संपन्न हो चुकी है और इसमें करीब 38 हजार अभ्यर्थी चुने जा चुके हैं।  विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार द्वारा घोषित कार्यक्रम के मुताबिक 17 जनवरी से 28 जनवरी के बीच यह आयोजित की जाएगी। नगर निकायों में 17 जनवरी को सामाजिक विज्ञान (छह से आठ), 18 जनवरी को गणित, विज्ञान एवं भाषा (छह से आठ), जबकि 19 जनवरी को पहली से पांचवीं के लिए शिक्षकों का अंतिम चयन होगा। 

प्रखंड नियोजन इकाइयों द्वारा 22 जनवरी को मध्य विद्यालय के लिए सामाजिक विज्ञान, जबकि 24 जनवरी को गणित, विज्ञान एवं भाषा शिक्षकों के लिए काउंसिलिंग होगी। पंचायत नियोजन इकाइयों द्वारा 28 जनवरी को प्राथमिक शिक्षक पद की काउंसिलिंग होगी। नगर निकायों व प्रखंड इकाइयों के लिए जिला मुख्यालय जबकि पंचायतों के लिए प्रखंड मुख्यालय में इसे आयोजित किया जाएगा। 
 

 

#Bihar

Source : Agency

पाठको की राय