Saturday, October 24th, 2026

बिहार-मुजफ्फरपुर में नहर का तटबंध टूटने से घरों में घुसा पानी, प्रशासन ने शुरू की मरम्मत

मुजफ्फरपुर.

मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी प्रखंड क्षेत्र के किशुनपुर मोहिनी पंचायत के जमीन हाट गांव के पास नहर का तटबंध टूट जाने से आसपास के कई घरों में पानी भर गया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। यह घटना रविवार सुबह 11 बजे के आसपास हुई जब नहर में पानी का बहाव अचानक तेज हो गया और तटबंध 20 फीट तक टूट गया।

उसके बाद पानी तेजी से गांव की ओर फैलने लगा, जिससे कई घरों और खेतों में पानी भर गया और स्थिति अफरा-तफरी की हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से नहर में पानी का स्तर बढ़ता जा रहा था, जिससे तटबंध पर दबाव बढ़ गया। कटाव और पानी के तेज बहाव के कारण तटबंध टूट गया, जिसके बाद नहर का पानी तेजी से किशुनपुर मोहिनी गांव में फैलने लगा। ग्रामीणों ने बताया कि तटबंध टूटने से गांव की स्थिति बिगड़ती जा रही है और लोगों के घरों में पानी घुसने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

प्रशासन ने शुरू की मरम्मत की कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलते ही जल संसाधन विभाग के इंजीनियर, अंचल अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता और कुढ़नी अंचल अधिकारी ने स्थिति का जायजा लिया और तटबंध की मरम्मत का कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया।

अधिकारियों की नजर में है स्थिति
अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) पश्चिमी श्रेया श्री ने बताया कि तटबंध के टूटने की वजह पानी का अत्यधिक बहाव और तीव्र कटाव है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है। किसी भी बड़ी परेशानी की सूचना नहीं है, और प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।

नहर का तटबंध जल्दी ठीक करने के प्रयास
प्रशासन की टीम ने बताया कि तटबंध की मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है, ताकि पानी के बहाव को रोका जा सके। इसके साथ ही प्रशासन की एक टीम गांव में कैंप कर रही है और हालात पर लगातार नजर रख रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से त्वरित कटावरोधी कार्य की मांग की है, ताकि गांव में पानी और ज्यादा न फैल सके और जनजीवन सामान्य हो सके।

 

#Bihar-Muzaffarpur#canal embankment

Source : Agency

पाठको की राय