Saturday, October 24th, 2026

बिहार-शेखपुरा में सब्जी व्यवसायी को चाकू से गोदा, शव पानी की टंकी के पास फेंका

शेखपुरा.

शेखपुरा जिले में देर रात एक सब्जी व्यवसायी की अपराधियों ने चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान जमालपुर मोहल्ला निवासी नाटू साव के रूप में हुई है। अपराधियों ने हत्या के बाद शव को मोहल्ले से कुछ दूरी पर पानी टंकी के पास फेंक दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पत्नी ने बताया कि नाटू साव हर दिन की तरह चांदनी चौक बाजार में सब्जी बेचने गए थे। रात नौ बजे तक वे घर वापस नहीं लौटे। उसके बाद उनकी पत्नी ने कई बार मोबाइल पर कॉल की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। परिजन और स्थानीय लोग उनकी तलाश करते रहे, लेकिन नाटू साव का कोई पता नहीं चला। फिर शुक्रवार की सुबह उनकी लाश पानी टंकी के पास मिली। जानकारी के मुताबिक, मृतक के शरीर पर चाकू से किए गए लगभग दो दर्जन घाव मिले हैं। हत्या इतनी क्रूरता से की गई थी कि सिर, गर्दन, पीठ, कंधे समेत शरीर के कई हिस्सों पर चाकू के गहरे घाव पाए गए। मृतक तीन बच्चों के पिता थे और उनके परिवार का कहना है कि उनका किसी से कोई झगड़ा नहीं था। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अरविंद कुमार सिन्हा, नगर थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया गया। एसडीपीओ अरविंद कुमार सिन्हा ने बताया कि मृतक की हत्या बेहद बेरहमी से की गई है और फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

#Bihar-Sheikhpura#Vegetable vendor

Source : Agency

पाठको की राय