Saturday, October 24th, 2026

बिहार-बेगूसराय में बोरे में मिला गुमशुदा युवक का सिर-पैर कटा शव, घटना से लोगों में दहशत

बेगूसराय.

बेगूसराय जिले के चकिया थानाक्षेत्र के कसहा वार्ड-14 से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। अपराधियों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को प्लास्टिक के बोरे में बंदकर गांव के एक पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है, जबकि मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।

मृतक की पहचान कसहा वार्ड-14 निवासी देवेंद्र यादव के बेटे बिट्टू कुमार (19) के रूप में की गई है। मृतक के परिजनों ने बताया कि बिट्टू कुमार 19 अक्तूबर को घर से कोचिंग पढ़ने के लिए निकला था, लेकिन उसके बाद वह घर वापस नहीं आया। काफी खोजबीन के बाद भी बिट्टू का कोई पता नहीं चला। दोस्तों से पूछने पर पता चला कि बिट्टू ने उनसे 600 रुपये उधार लेकर पटना जाने की बात कही थी। लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने चकिया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जानकारी के मुताबिक, 21 अक्तूबर को स्थानीय लोगों ने कसहा गांव स्थित एक पानी भरे गड्ढे में प्लास्टिक के बोरे में एक शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। जब बोरा खोला गया तो उसमें बिट्टू कुमार का सिर और पैर कटा हुआ शव मिला। इस निर्मम हत्या में अपराधियों ने सबूत छिपाने के इरादे से उसका सिर काटकर अलग कर दिया था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि बिट्टू की हत्या उसके ही दोस्तों ने की है। इधर, चकिया थाना अध्यक्ष नीरज कुमार चौधरी ने बताया कि शव का सिर गायब था, जिससे उसकी पहचान में कठिनाई हुई। लेकिन परिजनों ने शव की पहचान बिट्टू कुमार के रूप में की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

 

#Bihar-Begusarai#missing youth#head-feet less body

Source : Agency

पाठको की राय