बिहार: जातिय जनगणना पर तेजस्वी ने नीतीश कुमार को दिया अल्टीमेटम, कहा- 72 घंटे के अंदर सीएम अपना स्टैंड साफ करें
पटना
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जातीय जनगणना पर अगले 72 घंटे में अपना स्टैंड साफ करें। अब इसमें देरी बर्दाश्त नहीं की जा सकती है। मंगलवार को पार्टी ऑफिस में पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान तेजस्वी ने कहा कि राज्य सरकार को तत्काल कैबिनेट की बैठक बुलाकर बिहार में जातीय जनगणना कराने पर फैसला लेना होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम सड़क पर उतरने को तैयार हैं। तेजस्वी ने कहा कि विधानसभा से इस पर प्रस्ताव पारित हो चुका है।
इससे पहले सोमवार को बिहार में जातिगत जनगणना कराने के लिए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पटना से दिल्ली तक पदयात्रा करने का ऐलान किया था। तेजस्वी ने कहा कि जल्द ही इसकी तारीख मुकर्रर की जाएगी। तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल जातीय जनगणना के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मिल चुका है। बावजूद अब तक कुछ नहीं हो सका।
उन्होंने दावा किया कि राजद के दबाव का ही नतीजा था कि बिहार के दोनों सदनों से दो-दो बार सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजा गया, मगर अभी तक संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। हमारे पास अब कोई चारा नहीं बचा है। इसलिए पद यात्रा करेंगे।

पाठको की राय