Tuesday, October 20th, 2026

अब आलू-प्याज बेचेगी बिहार पुलिस! जानें एसपी ने इसपर क्या कहा

कलेर
बिहार पुलिस अब आपकी सुरक्षा करने के साथ ही आलू-प्याज भी बेचेगी। इसकी वजह कोई और नहीं बल्कि शराब माफिया हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि ऐसा क्या हुआ जो खाकी को आलू-प्याज बेचने पर मजबूर होना पड़ा है, तो हम आपको बताते हैं कि ये मामला क्या है। इसपर अरवल के एसपी ने सफाई भी दी है। दरअसल, कलेर थाने की पुलिस शराब के साथ जब्त आलू व अन्य सामग्री की बिक्री करेगी। पुलिस विधि व्यवस्था कायम करने के अलावा अपराधियों पर कार्रवाई के साथ-साथ अब बाजार में आलू बिक्री करेगी। इसके लिए जिला पदाधिकारी से आलू की नीलामी कराने का निर्देश जारी कर दिया गया है।

अरवल के कलेर थाने की पुलिस ने दो आलू लदे ट्रकों में भारी मात्रा में शराब बरामद की थी। 100 क्विंटल से अधिक आलू बरामद हुआ है। अन्य कई सामान भी जब्त किए गए हैं। अब जिला प्रशासन बरामद इनकी बाजार में नीलामी करवाएगी। पुलिस द्वारा इसे बेचकर सरकार के खाते में राजस्व जमा करवाया जाएगा।  बिहार में यह पहला मौका होगा जहां पुलिस अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अलावा और आलू की बिक्री करती नजर आएगी। विदेशी शराब के साथ सामानों की नीलामी करने का फैसला एसपी के निर्देश पर अलग-अलग थानों की पुलिस कर रही है। एसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि पहली बार बरामद आलू को राजसात कराया जाएगा। इसके बाद नीलामी की प्रक्रिया जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में की जाएगी। कलेर थाने में इससे पहले भी प्याज, मुर्गी के चूजे, अंडे, लहसुन और किराना सामान के साथ विदेशी शराब बरामद की गई है। अब इन सभी सामानों को मार्केट में नीलाम कराया जाएगा।

एसपी ने दी सफाई
अरवल के आरक्षी अधीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि शराब के साथ जब्त आलू और अन्य सामानों को अरवल पुलिस द्वारा जिला प्रशासन को नीलामी के लिए प्रेषित किया गया था। लेकिन खबर को तोड़-मरोड़ कर छापा गया है। अरवल पुलिस आलू बेचने का काम नहीं कर रही है। इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी को आलू नीलामी करने का जिम्मा सौंपा गया है।

 

 

#Bihar Police

Source : Agency

पाठको की राय