Wednesday, October 21st, 2026

Bihar News: खुले नाले में गिरा अधेड़ व्यक्ति, दो घंटे तक पड़े रहने से मौत; दुकान बंद कर लौट रहा था घर

नालंदा.

बिहार के नालंदा में शनिवार की रात खुले नाले में गिरने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। मामला बिहार शरीफ के नगर थाना क्षेत्र के श्रृंगारघाट मोहल्ले के पीछे का है। मृतक की पहचान सोहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रृंगारहाट मोहल्ला निवासी दिवंगत सुखदेव मिस्त्री के बेटे मनोज शर्मा (55) के रूप में की गई है। घटना को लेकर मृतक के परिजन ने बताया कि मनोज शर्मा बिहार शरीफ के हेल्थ क्लब के पास फर्नीचर की दुकान चलाते थे।

हर दिन की तरह वह शाम को दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। तभी वह खुले नाले में जा गिरे, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। घटना का पता तब चला जब वहां से कुछ लोग गुजर रहे थे। वहां उनकी नजर नाले में गिरे अधेड़ पर पड़ी। उसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। फिर आनन-फानन में बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन आशंका व्यक्त कर रहे हैं कि मनोज शर्मा करीब दो घंटे तक नाले में गिरे रहे, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। खुला नाला रहने के कारण यह घटना हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं, इस मामले में नगर थाना अध्यक्ष रामशंकर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। अभी मृतक के स्वजनों के द्वारा आवेदन नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

 

#middle-aged man#returning home#fell into open drain#died#lying two hours#police investigating

Source : Agency

पाठको की राय