Wednesday, October 21st, 2026

Bihar News : विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनाव का एलान, नीतीश कुमार समेत इन दिग्गजों का कार्यकाल हो रहा पूरा

पटना.

बिहार विधान परिषद के 11 सीट पर चुनाव का एलान निर्वाचन आयोग ने कर दिया है। चार मार्च को नोटिफिकेशन जारी होगा। इसके बाद 21 मार्च को चुनाव होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन समेत 11 दिग्गजों का कार्यकाल छह मई को समाप्त हो रहा है। देखना होगा कि भाजपा, जदयू, राजद, कांग्रेस और हिन्दुस्तानी आवास मोर्चा किन्हें विधान परिषद भेजती है।

भाजपा के शाहनवाज हुसैन, मंगल पांडेय व संजय पासवान का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है। शाहनवाज हुसैन और मंगल पांडेय के लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चा तेज है। वहीं संजय पासवान के बेटे को विधान परिषद् भेजे जाने की चर्चा है। एक दिन पहले जदयू के गोपाल मंडल ने शाहनवाज हुसैन के लोकसभा चुनाव को लेकर टिप्पणी भी की थी। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया था कि भागलपुर लोकसभा सीट जदयू के खाते में ही जाएगी। इससे पहले जब बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की नई सरकार बनी थी तो ऐसा माना जा रहा था कि शाहनवाज हुसैन और मंगल पांडेय को मंत्री पद जरूर दिया जाएगा। लेकिन, अब तक ऐसा नहीं हुआ। वहीं दोनों वरीय नेताओं के क्षेत्र के लोग उनके लोकसभा चुनाव लड़ने की बात कह रहे थे।

संजय झा पहले ही राज्यसभा भेजे जा चुके हैं -
इधर, जदयू से नीतीश कुमार के अलावा संजय कुमार झा, खालिद अनवर और रामेश्वर महतो की सीट पर भी चुनाव होगा। संजय झा पहले ही राज्यसभा भेजे जा चुके हैं। वहीं  राजद से राबड़ी देवी के अलावा रामचंद्र पूर्वे का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है। राबड़ी देवी को फिर से विधान परिषद भेजा जाएगा, यह स्पष्ट है। वहीं कांग्रेस के प्रेमचंद्र मिश्रा, हम सेक्युलर से संतोष कुमार सुमन की सीट पर भी चुनाव होगा। संतोष कुमार सुमन बिहार सरकार में मंत्री हैं। जीतन राम मांझी उन्हें ही विधान परिषद भेजेंगे।

नोटिफिकेशन की तारीख : 4 मार्च
0- नामांकन करने की अंतिम तारीख : 11 मार्च
0- नामांकन पत्रों की जांच की तारीख : 12 मार्च
0- नामांकन वापसी की तारीख : 14 मार्च
0- चुनाव के लिए मतदान की तारीख: 21 मार्च
0- मतगणना की तारीख : 21 मार्च शाम में

 

#Tenure of 11 veterans#including Nitish Kumar#coming to end#elections announced#11 seats#Legislative Council

Source : Agency

पाठको की राय