Saturday, October 24th, 2026

बिहार-मुजफ्फरपुर में शराब लदी लग्जरी कार दीवार से टकराई, दो लोगों की मौके पर मौत

मुजफ्फरपुर.

मुजफरपुर जिले के मोतीपुर थानाक्षेत्र में पांसलवा एनएच-27 पर एक लग्जरी कार भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार के आगे और पीछे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पुलिस ने क्रेन की मदद से कार में फंसे शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

घटना के बारे में बताया जा रहा है कि झारखंड नंबर प्लेट वाली एक लग्जरी क्रेटा कार अवैध शराब से लदी हुई थी। वह मोतीपुर थानाक्षेत्र के पांसलवा एनएच-27 पर अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। टक्कर के बाद कार पलट गई, जिससे उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचित किया। बताया जा रहा है कि कार के पिछले हिस्से में भारी मात्रा में यूपी निर्मित शराब लदी हुई थी, जिससे दोनों मृतकों के शराब तस्कर होने की आशंका जताई जा रही है। मोतीपुर थाना के SHO राजन पांडे ने बताया कि कार अत्यधिक गति से चल रही थी, जिससे यह हादसा हुआ। कार से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है और टेक्निकल टीम की मदद से जांच की जा रही है।

 

#Bihar-Muzaffarpur#liquor car collided#two died

Source : Agency

पाठको की राय