Saturday, October 24th, 2026

बिहार-गोपालगंज में बदमाशों ने किसान को घर पर मारी पांच गोलियां, गंभीर हालत में गोरखपुर रेफर

गोपालगंज.

गोपालगंज जिले में माझागढ़ थाना क्षेत्र के दुलदूलिया पिपरा गांव में अपने दरवाजे पर सो रहे एक किसान को अपराधियों ने पांच गोली मारकर बुरी तरह से घायल कर दिया। परिजनों ने आनन-फानन में किसान को इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद किसान की स्थिति को नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।

फिलहाल, किसान का इलाज मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा है। गोली लगने से घायल किसान की पहचान जिले के माझागढ़ थाना क्षेत्र के दुलदूलिया पिपरा गांव निवासी दिवंगत अनमोल यादव के पुत्र छोटू यादव के रूप में की गई है। बताया जाता है कि घायल किसान छोटू यादव बुधवार की देर रात अपने घर के बाहर दरवाजे के पास सोया हुआ था। इसी बीच एक बाइक पर सवार दो की संख्या में आए अपराधियों ने किसान पर पांच गोलियां दाग दी। गोली लगने से छोटू यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों और परिजन घर से बाहर निकले और खून से लथपथ किसान को सदर अस्पताल गोपालगंज में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद किसान को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, इस मामले में माझागढ़ थाना अध्यक्ष संग्राम सिंह ने बताया है कि एक व्यक्ति को गोली लगी है। स्थिति सामान्य है। घायल व्यक्ति का गोरखपुर में इलाज चल रहा है। मौके से चार खोखा बरामद किया गया है। जांच की जा रही है। हालांकि, पीड़ित द्वारा अभी तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है।

 

#Bihar-Gopalganj#farmer fired

Source : Agency

पाठको की राय